नयी दिल्ली : केंद्र सरकार बिहार को विशेष राज्य का दरजा देने के प्रस्ताव पर विचार कर रही है. संसदीय कार्य राज्य मंत्री वी नारायण सामी ने गुरुवार को यह घोषणा की. उन्होंने बजट सत्र के पहले दिन राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में इस बात की पुष्टि की कि बिहार सरकार ने विशेष राज्य का दरजा देने की मांग करते हुए एक प्रस्ताव केंद्र को भेजा है. श्री नारायणसामी ने बताया कि अब तक विशेष राज्य का दरजा जम्मू एवं कश्मीर, अरुणाचल प्रदेश, असम, हिमाचल प्रदेश, मणिपुर, मिजोरम, नगालैंड, सिक्किम, त्रिपुरा, और उत्तराखंड को दिया गया है. इस दरजे के तहत राज्यों को केंद्र से सहायता का अनुपात बढ़ जाता है. मालूम हो कि बिहार विधानसभा से भी इस संबंध में एक प्रस्ताव पारित किया जा चुका है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को विशेष राज्य का दरजा देने की मांग जोर-शोर से कर रहे हैं.उन्होंने कहा था कि केंद्र में बनने वाली अगली सरकार को इसी मुद्दे पर समर्थन देने की बात कही थी. उस समय भाजपा व कांग्रेस समेत सभी दलों ने इस मांग का समर्थन किया था. |