रांची : भारतीय ओलिंपिक संघ (आइओए) के अध्यक्ष एवं राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति के चेयरमैन सुरेश कलमाडी (सांसद) आगामी 20 मार्च को रांची आयेंगे. श्री कलमाडी उस दिन राष्ट्रीय खेल आयोजन समिति की कोर कमेटी एवं भारतीय ओलिंपिक संघ की स्टीयरिंग कमेटी के साथ बैठक करेंगे. कोर कमेटी के अध्यक्ष एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष मुख्यमंत्री शिबू सोरेन, कार्यकारी अध्यक्ष आरके आनंद, उप मुख्यमंत्री सह प्रभारी खेल विभाग सह वरीय उपाध्यक्ष सुदेश महतो, स्टीयररिंग कमेटी के चेयरमैन केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय एवं उप मुख्यमंत्री, प्रभारी वित्त विभाग सह उपाध्यक्ष राष्ट्रीय खेल आयोजन समिति रघुवर दास, जीटीसीसी के चेयरमैन एसएम बाली, आयोजन सचिव एसएम हाशमी, आयोजन सचिव -2 आरएस वर्मा, निदेशक एनजीओसी अनुराग गुप्ता, कोषाध्यक्ष मधुकांत पाठक एवं कोर कमेटी तथा स्टीयरिंग कमेटी के अतिरिक्त आयोजन समिति के अन्य उच्च अधिकारी भी विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में भाग लेंगे. बैठक में श्री कलमाडी राष्ट्रीय खेल से संबंधित तैयारियों एवं अन्य कई मामलों पर समीक्षा बैठक करेंगे एवं राष्ट्रीय खेल की तिथि के संबंध में निर्णय लेंगे. आयोजन सचिव एसएम हाशमी ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि श्री कलमाडी के रांची भ्रमण के कार्यक्रम की सूचना पत्र द्वारा मुख्यमंत्री तथा उन्हें आज ही प्राप्त हुई है. इस संबंध में 9 मार्च को उप मुख्यमंत्री सुदेश महतो के साथ एक बैठक कर सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जायेगा. |