रांची : रांची विवि में अधिकारियों के सात पदों पर नियुक्ति के लिए प्रक्रिया आरंभ कर दी गयी है. विवि ने नियुक्ति के लिए झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) को प्रस्ताव भेज दिया है.        इनमें वित्त पदाधिकारी, परीक्षा नियंत्रक व डिप्टी रजिस्ट्रार के एक-एक पद व कॉलेज निरीक्षक व सहायक कुलसचिव के दो-दो पदों पर नियुक्ति शामिल हैं. जेपीएससी द्वारा एक सप्ताह के अंदर नियुक्ति से संबंधित विज्ञापन प्रकाशित कर दिया जायेगा. विवि में वर्तमान में वित्त पदाधिकारी के पद पर डॉ एसके प्रसाद, परीक्षा नियंत्रक के पद पर डॉ एके महतो कार्यरत हैं. इनका कार्यकाल पूरा हो चुका है. इसी प्रकार कॉलेज निरीक्षक (विज्ञान) व कॉलेज निरीक्षक (कला व वाणिज्य) के पद वर्षो से खाली पड़े हुए हैं. इन पदों पर क्रमश: डॉ योगेंद्र राय व डॉ एसके वर्मा के बाद किसी की नियुक्ति नहीं हो सकी है. विवि में डिप्टी रजिस्ट्रार (उपकुलसचिव) में एसटी कोटा से एक पद खाली है. इधर, सिदो-कान्हू मुरमू विवि, दुमका में रजिस्ट्रार व वित्त पदाधिकारी के एक-एक पद व विनोबा भावे विवि, हजारीबाग में परीक्षा नियंत्रक, वित्त पदाधिकारी, कॉलेज निरीक्षक (विज्ञान) व कॉलेज निरीक्षक (कला व वाणिज्य) व सहायक कुलसचिव के एक-एक पद पर नियुक्ति के लिए साक्षात्कार मार्च के अंतिम सप्ताह से आरंभ होने की संभावना है.        दूसरी तरफ कोल्हान विवि में रजिस्ट्रार के पद को छोड़ कर अन्य पदों पर नियुक्ति के लिए जेपीएससी को प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया है. विवि द्वारा एक बार प्रस्ताव भेजा गया, लेकिन तकनीकी गड़बड़ी रहने के कारण पुन: प्रस्ताव भेजने के लिए कहा गया है. |