लखनऊ : बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने केन्द्र सरकार और कांग्रेस को आज अपनी रैली में मुख्य निशाने पर रखा और कहा कि पार्टी का हाथी चुनाव चिह्न  खत्म कराने के लिये देश की यह सबसे पुरानी पार्टी अदालत तक जा रही है. इसके समर्थक जनहित याचिका दायर कर रहे हैं. बसपा प्रमुख और राज्य की मुख्यमंत्री मायावती ने पार्टी के 25 साल पूरे होने पर यहां आयोजित महारैली को संबोधित किया और अपने डेढ़ घंटे के भाषण में केन्द्र सरकार और कांग्रेस को ही निशाने पर रखा. उन्होंने कहा कि बसपा को खत्म करने के लिये कांग्रेस सरकार हमेशा साजिश रचती रही है. इसके लिये केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआइ) का भी इस्तेमाल करती है. अब नया विवाद पार्टी के हाथी चुनाव चिह्न  पर उठाया जा रहा है. निर्वाचन आयोग को कहा जा रहा है कि पार्क और स्मारक स्थल पर हाथी की मूर्ति लगाकर बसपा का प्रचार किया जा रहा है. उन्होंने इसी क्रम में कांग्रेस के चुनाव चिह्न  हाथ और समाजवादी पार्टी के चुनाव चिन्ह साइकिल पर भी सवाल उठाया और अपनी पार्टी के चुनाव चिह्न  का बचाव किया. बसपा प्रमुख ने कहा कि बसपा के चुनाव चिह्न  में हाथी की सूंढ़ नीचे है जबकि पार्क और स्मारक में लगे हाथी में उसके सूंढ़ को उपर दिखाया गया है. |