-बोकारो में फ़िर चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान,अतिक्रमणकारियों की धड़कनें तेज
बोकारो : एक बार फिर अतिक्रमण का जिन्न बोतल से बाहर निकला है. लोगों के बीच पिछली बार जैसी होली न बीते इस बात की चर्चा शुरू हो गयी है. अभी एक साल नहीं बीता है. वो बुलडोजर की घड़घड़ाहट कानों से पूरी तरह गयी भी नहीं कि दिल की धड़कन तेज होने लगी है. चार तारीख को हाइकोर्ट के आदेश के बाद दिल थामे लोग अभियान शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं.
इधर बीएसएल ने एक बार फिर अपने जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए जिला प्रशासन से पत्राचार शुरू कर दिया है. सेल प्रबंधन ने एसडीएम को लिख कर दिया है कि उन्हें अतिक्रमण हटाने वक्त सुरक्षा मुहैया की जाये. लेकिन प्रशासन ने इस बार साफ कर दिया है कि जिन इलाकों से अतिक्रमण हटाना है उन इलाकों से बीएसएल अपनी बिजली और पानी का कनेक्शन काटे तभी जाकर अतिक्रमण हटाने के लिए उन्हें मदद की जायेगी.
वहीं अतिक्रमण वाले इलाकों में बिजली और पानी का कनेक्शन दिया गया है इस बात से प्रबंधन इनकार करता है. लेकिन यह भी मानता है कि उनके घरों में बिजली हमारी ही जल रही है और वो पानी भी हमारा ही इस्तेमाल कर रहे हैं. प्रबंधन का कहना है कि प्रशासन बिजली और पानी के कनेक्शन को हटाने का काम कर तो रही है, लेकिन सभी जगहों से बिजली और पानी को हटाना संभव ही नहीं है, क्योंकि एक जगह से दूसरी जगह का लिंक है. अगर बीच में बिजली और पानी का कनेक्शन काट दिया जाये तो तीसरी जगह पानी और बिजली की समस्या हो सकती है.
-प्रशासन ने कहा
पानी व बिजली काटने के बाद ही शुरू होगा अभियान
-बीएसएल का दावा
काटे जा रहे हैं बिजली और पानी के कनेक्शन
सुरक्षा के लिए पत्र भेजा है : संजय
बीएसएल के सीओसी संजय तिवारी ने कहा कि प्रशासन को हमने सुरक्षा के लिए पत्र भेजा है. पत्र के जवाब में अतिक्रमण वाले इलाकों से बिजली और पानी के कनेक्शन को हटाने की बात कही है. हम वह काम कर रहे हैं. लेकिन इसमें थोड़ी दिक्कत आती है. थोड़ा समय लग सकता है. एक जगह की बिजली और पानी काटने के बाद तीसरी जगह की बिजली और पानी प्रभावित हो जाती है. बहरहाल काम हो रहा है.
सूचना मिलते ही अभियान शुरू करेंगे : एसडीएम
चास एसडीएम सुधीर रंजन ने कहा कि हमें सुरक्षा मुहैया कराने में कोई दिक्कत नहीं है. हम हैं भी इसी काम के लिए, लेकिन पिछले बार हमने सेक्टर चार से ही केवल 632 दुकानों को हटाया था. लेकिन आज वहां 800 से ज्यादा दुकानें हैं. सेक्टर बारह का भी यही हाल है. फिर से सारे लोग बस गये. अब फिर से दोबारा वहीं अभियान चलाया जायेगा.
ऐसे में बार-बार यही होता रहेगा. बीएसएल और हर थाना को कहा गया है कि हमें बिजली और पानी के कनेक्शन काटने के बाद सूचित करें. सूचना मिलते ही हम अभियान शुरू करेंगे. हाइकोर्ट का ही 17 मार्च 2011 का आदेश है कि जहां से भी अतिक्रमण हटाना है वहां पहले पानी और बिजली का कनेक्शन काटा जाये. रांची में भी अतिक्रमण हटाने से पहले यही किया गया था.
Ye atikraman fir holi ke waqt ho raha hai. pichhle saal bhi holi ke waqt hua tha. paani aur bijli ke connection kaatna itna aasan nahi hoga BSL ke liye. high court ka order march 31 tak atikraman khatam karne ka hai. aur ye to tay hai ki 31st tak ye sambhav nahi hai
Post new comment