फ़िर कांग्रेस के प्याले में तूफान

बोकारो : कांग्रेस कार्यकर्ताओं के फोन पर शुक्रवार को बार-बार एक ही रिकार्ड संदेश बज रहा था- फोन अभी व्यस्त है, कृपया थोड़ी देर बाद कोशिश करें. दरअसल, नये बोकारो जिलाध्यक्ष बनाने के लिए प्रदेश से आयी चार सदस्य की कमेटी यहां आ रही है. इस कमेटी के कार्यक्रम ने कांग्रेस के अदने कार्यकर्ताओं की अहमियत बढ़ा दी है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप बलमुचू के निर्देश पर समिति आ रही है.

कमेटी यहां के जनप्रतिनिधि, उनके प्रतिनिधि, प्रखंड अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर जिला अध्यक्ष के सबसे प्रबल दावेदार का नाम तलाशेगी और आला कमान तक पहुंचायेगी. प्रदेश अध्यक्ष की समिति के अध्यक्ष मंजूर अहमद अंसारी हैं. इसके अन्य सदस्यों में निरंजन पासवान, सीपी संतन और वरुण शाहा हैं.

पूछे जाने पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष रामा राउत बताते हैं कि ऐसा नहीं है कि यह समिति जिला अध्यक्ष चयन के लिए आ रही है बल्कि कांग्रेस बोकारो में कैसे और मजबूत इस बात पर मंथन करने आ रही है. हालांकि इससे पहले जिला अध्यक्ष का मामला एक बार दिल्ली से वापस आ चुका है. कांग्रेस आला कमान ने प्रदेश अध्यक्ष को निर्देश दिया है कि जिला अध्यक्ष चुनाव में काफी सावधानी बरती जाय. सही दावेदार हो ही कमान सौंपें.

जिला अध्यक्ष पर विवाद
बोकारो कांग्रेस में जिला अध्यक्ष को लेकर काफी विवाद रहा है. रामा राउत कांग्रेस के वरीय नेता के साथ दो बार जिला अध्यक्ष के पद पर रह चुके और तीसरी बार रहने की संगठन मंजूरी नहीं देता. इसके अलावा अध्यक्ष के लिए 10 से ज्यादा लोगों ने नोमिनेशन किया है. इनमें जवाहर महथा, मृत्युंजय शर्मा, मंजूर अंसारी, अशोक श्रीवास्तव और एबी राय का नाम सबसे आगे चल रहा है. फिलहाल पूरे जिले में कोई भी कांग्रेसी किसी का नाम सीधा नहीं बता पा रहे हैं कि आखिर जिला अध्यक्ष की दावेदारी में सबसे आगे कौन है.

एक प्रखंड अध्यक्ष बताते हैं कि हम कैसे तय कर सकते हैं कि कौन बनेगा जिला अध्यक्ष यह सब तो हमारे बड़े नेता तय करते हैं. वे जिस नाम के बारे में कहेंगे हम भी उसी में हामी भर देंगे. एक और प्रखंड अध्यक्ष ने कहा कि आखिर कैसे किसी के एक नाम के बारे में बोला जाय. पूछे जाने पर कि चलिए तीन लोगों का नाम बता दीजिए इस पर भी वह नाम बताने की हिम्मत नहीं जुटा पाये.

प्रखंड अध्यक्ष और जनप्रतिनिधियों का रहेगा दबाव
इसमें कोई शक नहीं है कि जिला अध्यक्ष चुनाव के लिए लॉबिंग हो रही है. इस दौड़ में अव्वल आने को बेताब प्रखंड अध्यक्षों को पटाने में उम्मीदवार एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं. वहीं, बोकारो में कांग्रेस के बड़े नामों से भी अपना रिश्ता पहले से ज्यादा मजबूत करने के लिए हर हथकंडा अपनाया जा रहा है. आज कांग्रेस की कम-से-कम पांच से छह लॉबी अपने उम्मीदवार को जिला अध्यक्ष बनाने के लिए घेराबंदी में लगी है. लेकिन इन सब के बीच शनिवार को आने वाली समिति के सामने कौन कितना परसेंट नंबर लाता है. यह बात नये जिला अध्यक्ष के लिए सबसे ज्यादा मायने रखती है.

This Article Posted on: February 11th, 2012

Post new comment

The content of this field is kept private and will not be shown publicly.
Image CAPTCHA
Enter the characters shown in the image.