भारत को 110 रन से हराकर आस्‍ट्रेलिया शीर्ष पर

ब्रिस्बेन: बल्लेबाजों के उम्दा प्रदर्शन के बाद बेन हिलफ़ेंहास और ब्रेट ली की धारदार गेंदबाजी से आस्‍ट्रेलिया त्रिकोणीय एकदिवसीय क्रिकेट श्रृंखला में आज यहां भारत को 110 रन से रौंदकर अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया.

दो साल से भी अधिक समय बाद वनडे क्रिकेट में वापसी कर रहे हिलफ़ेंहास ने 33 रन देकर पांच जबकि ली ने 49 रन पर तीन विकेट चटकाए जिससे भारतीय टीम 289 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 43 . 3 ओवर में 178 रन पर ढेर हो गई. आस्‍ट्रेलिया को इस जीत से बोनस अंक सहित पांच अंक मिले.

भारत की ओर से कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने सर्वाधिक 56 रन बनाए लेकिन अन्य बल्लेबाज जिम्मेदारी से खेलने में नाकाम रहे. हिलफ़ेंहास और ली के अलावा स्पिनर जेवियर डोहर्टी ने किफ़ायती गेंदबाजी करते हुए अपने कोटे के 10 ओवर में केवल 29 रन दिए. उन्हें हालांकि कोई विकेट नहीं मिला. इससे पहले पिछले दो मैचों में भारत और श्रीलंका के हाथों शिकस्त झेलने वाले आस्‍ट्रेलिया ने जोरदार वापसी की और अंतिम 10 ओवर में 101 रन जोड़कर पांच विकेट पर 288 रन का मजबूत स्कोर खडा किया.

माइक हसी 59 और पीटर फ़ोरेस्ट 52 ने अर्धशतक जडने के अलावा चौथे विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी की. डेनियल क्रिस्टियन 18 गेंद में नाबाद 30 और डेविड हसी 20 गेंद में नाबाद 26 ने अंत में छठे विकेट के लिए सिर्फ़ छह ओवर में 65 रन की अटूट साझेदारी की. इस जीत के बाद आस्‍ट्रेलिया पांच मैचों में तीन जीत और दो हार से 14 अंक जुटाकर शीर्ष पर पहुंच गया है. भारत पांच मैचों में दो जीत, दो हार और एक टाई से 10 अंक जुटाकर दूसरे स्थान पर है.

भारत की शुरूआत बेहद खराब रही और उसने छठे ओवर में 16 रन तक ही सलामी बल्लेबाजों गौतम गंभीर 05 और सचिन तेंदुलकर 03 तथा रोहित शर्मा 00 के विकेट गंवा दिये. गंभीर ने हिलफ़ेंहास की पहली गेंद पर चौके से खाता खोला लेकिन वह अगले ओवर में ली की गेंद पर विकेटकीपर मैथ्यू वेड को आसान कैच दे बैठे. तेंदुलकर इसके बाद हिलफ़ेंहास की गेंद को अपर कट करने की कोशिश में थर्ड मैन पर डोहर्टी द्वारा लपके गए. ली ने रोहित को वेड के हाथों कैच कराकर भारत को तीसरा झटका दिया. विराट कोहली 12 को चार रन पर हिलफ़ेंहास की गेंद पर डोहर्टी ने जीवनदान दिया लेकिन वह इसका फ़ायदा नहीं उठा पाये और इसी तेज गेंदबाज की बाहर जाती गेंद से छेडछाड की कोशिश में स्लिप में डेविड हसी को कैच दे बैठे. धोनी और सुरेश रैना 28 ने पांचवें विकेट के लिए पारी की सर्वश्रेष्ठ 46 रन की साझेदारी की लेकिन रन गति बढाने में विफ़ल रहे.

रैना ने मिशेल स्टार्क पर सीधा छक्का जड़ा लेकिन डेनियल क्रिस्टियन ने अपनी दूसरी ही गेंद पर बायें हाथ के इस बल्लेबाज को वेड के हाथों कैच करा दिया. उन्होंने 41 गेंद की अपनी पारी में एक चौका और एक छक्का जडा. धोनी ने इसके बाद रविंद्र जडेजा 18 के साथ मिलकर 27वें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया. जडेजा हालांकि अधिक देर नहीं टिक पाए और स्टार्क की गेंद को उठाकर मारने की कोशिश में हवा में लहरा गए और फ़ोरेस्ट ने आगे की ओर दौडते हुए कैच लपकने में कोई गलती नहीं की. जडेजा के आउट होने पर क्रीज पर उतरे इरफ़ान पठान ने स्टार्क पर छक्का जडा.

धोनी ने इसके बाद 35वें ओवर में बल्लेबाजी पावर प्ले लेने का फ़ैसला किया लेकिन टीम ने सिर्फ़ 26 रन जोडकर कप्तान का विकेट गंवा दिया. धोनी ने बल्लेबाजी पावर प्ले की दूसरी ही गेंद पर ली पर सीधा छक्का जडा. वह हालांकि अगली गेंद पर भाग्यशाली रहे जब उन्होंने गेंद को हवा में खेल दिया जो मिड आफ़ पर खडे क्षेत्ररक्षण की हथेली से टकराकर चार रन के लिए चली गई. धोनी ने इस चौके के साथ 75 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. आस्‍ट्रेलियाई कप्तान पोंटिंग ने 38वें ओवर में हिलफ़ेंहास को दूसरे स्पैल के लिए बुलाया और इस तेज गेंदबाज ने दूसरी ही गेंद पर धोनी को मिडविकेट पर क्रिस्टियन के हाथों कैच करा दिया. ली ने इसके बाद आर विनय कुमार 06 को बोल्ड किया जबकि हिलफ़ेंहास ने पठान 19 और जहीर खान 09 को पवेलियन भेजकर आस्‍ट्रेलिया की जीत सुनिश्चित की. इससे पहले वेड 45 और डेविड वार्नर 43 ने पहले विकेट के लिए 70 रन जोडकर आस्‍ट्रेलिया को अच्छी शुरूआत दिलाई लेकिन 13वें ओवर में

वार्नर के आउट होने के बाद मेजबान टीम की रन गति में गिरावट आई. वार्नर ने 46 गेंद में पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 43 रन बनाए लेकिन वह पठान की गेंद को लेग साइड में खेलने की कोशिश में तेंदुलकर को आसान कैच दे बैठे. पिछली चार पारियों में केवल 11 रन बनाने वाले कार्यवाहक कप्तान पोंटिंग ने 13 गेंद में खाता खोला और फ़िर सात रन बनाने के बाद जहीर का शिकार बने. भारत ने गेंदबाजी पावरप्ले के पांच ओवर में सिर्फ़ 12 रन दिए और पोंटिंग का विकेट भी हासिल किया.

This Article Posted on: February 19th, 2012

Post new comment

The content of this field is kept private and will not be shown publicly.
Image CAPTCHA
Enter the characters shown in the image.