जरदारी की भारत यात्रा अत्यंत रचनात्मक : अमेरिका

वाशिंगटन : पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी की आठ अप्रैल को होने वाली भारत यात्रा को अमेरिका ने ''अत्यंत रचनात्मक'' करार देते हुए कहा है कि वह नहीं चाहता कि हाफिज सईद के उपर घोषित किए गए उसके इनाम का असर भारत-पाक संबंधों पर पड़े.

अमेरिकी विदेश मंत्रलय के प्रवक्ता मार्क टोनर ने संवाददाताओं से कहा, ''जरदारी की यात्रा अत्यंत रचनात्मक है. हम इसका स्वागत करते हैं.''

पाकिस्तानी राष्ट्रपति आठ अप्रैल को निजी यात्र पर अजमेर में 13वीं सदी के सूफी संत ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह पर जाने से पहले दिल्ली में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मिलेंगे.

टोनर ने कहा, ''हमें यह देखकर खुशी हो रही है. दोनों देश बैठक और बातचीत में शामिल हो रहे हैं और दोनों के बीच बेहतर सहयोग का निर्माण हो रहा है. यह अच्छी स्थिति है.''

उन्होंने कहा कि अमेरिका नहीं चाहता कि लश्कर ए तैयबा के संस्थापक हाफिज सईद के उपर रखे गये उसके एक करोड़ अमेरिकी डॉलर के इनाम का असर दोनों देशों के नेताओं की इस मुलाकात पर पड़े.

टोनर ने कहा, ''हम निश्चित तौर पर नहीं चाहते कि इसका असर इस दौरे पर पड़े. वर्ष 2008 के मुंबई हमलों में 166 लोग मारे गये थे. मरने वालों में छह अमेरिकी नागरिक भी शामिल थे. इसे देखते हुए अमेरिका ने सईद पर इनाम की घोषणा की है.

पाकिस्तान के लगभग 40 कट्टरपंथी और अतिवादी समूहों के संगठन देफा ए पाकिस्तान काउंसिल ने कल राष्ट्रपति जरदारी से अमेरिका द्वारा घोषित इनाम के विरोध में भारत यात्रा रद्द करने की मांग की.

This Article Posted on: April 6th, 2012

Post new comment

The content of this field is kept private and will not be shown publicly.
Image CAPTCHA
Enter the characters shown in the image.