मुंबई : सुमात्र में तीव्र भूकंप से एशिया में सुनामी के खतरे और वैश्विक बाजार के कमजोर समाचार आने से आज स्थानीय शेयर बाजारों में बिकवाली का जोर बढ़ गया तथा बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 44 अंक घटकर 17,199.40 अंक पर बंद हुआ.
औद्योगिक उत्पादन के कल जारी होने वाले आंकडों से पहले बाजार में सतर्कता बरती जा रही थी. सुमात्रा में आज आये भूकंप के बाद भारत में भी अंडमान नीकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के तटवर्ती इलाकों में भी सुनामी (उंची समुद्री लहरों) की चेतावनी जारी कर दी गई थी.
हालांकि बाद में सरकार ने यह चेतावनी वापस ले ली. चेतावनी अंतिम घंटे में सामने आई. उस समय बाजार में सुधार हो रहा था पर चेतावनी की खबर सुनते ही यह तेजी जाती रही.
गुरुवार को औद्योगिक उत्पादन के आंकडे जारी होंगे. यूरोपीय रिण संकट को लेकर भी चिंता बरकरार है और एशियाई बाजारों में इसको लेकर मिला जुला रुख रहा.
कारोबार के दौरान उपभोक्ता सामान, रिफाइनरी, पूंजीगत सामान और रीएल्टी शेयरों में मामूली नुकसान रहा हालांकि, दवा कंपनियों के शेयरों में अच्छी लिवाली देखी गई. बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक कारोबार की शुरुआत में कल के मुकाबले नीचे खुला और 17,075.89 अंक तक गिरने के बाद समाप्ति पर 44.44 अंक नीचे रहकर 17,199.40 अंक पर बंद हुआ.
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी आज घटबढ़ के कारोबार में 16.75 अंक नीचे रहकर 5,226.85 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान एक समय यह 5,200 अंक से नीचे चला गया था.
Post new comment