नई दिल्ली: भारतीय बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल यहां 24 अप्रैल से शुरु हो रहे इंडियन ओपन विश्व सुपरसीरिज टूर्नामेंट में एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता हांगकांग की यिप पुइ यिन के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी.
यह टूर्नामेंट लंदन ओलंपिक के लिये आखिरी क्वालीफायर है. तीसरी वरीयता प्राप्त साइना एशियाई खेल 2010 के क्वार्टर फाइनल में हारने के बाद से लगातार तीन बार यिन को हरा चुकी है. दुनिया की पांचवें नंबर की खिलाडी साइना को चीन की शीर्ष वरीयता प्राप्त शिशियान वांग के साथ ड्रा मिला है. क्वार्टर फाइनल में उसका सामना दो बार की आल इंग्लैंड चैम्पियन डेनमार्क की टाइने बाउन से हो सकता है.
यदि वह ये बाधा पार कर लेती है तो खिताब के लिये लगातार दो मुकाबलों में उसे चीनी प्रतिद्वंद्वियों से भिडना होगा. राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा को पहले दौर में कठिन जोडी मिली है. उनका सामना सातवीं वरीयता प्राप्त हांगकांग की पून लोक यान और से यिंग सुएट से होगा.
वी दीजू के साथ मिश्रित युगल खेलने वाली ज्वाला ने कहा, " ड्रा कभी आसान नहीं होते लेकिन हम इसे लेकर चिंतित नहीं होते हैं. हमने पहले भी उन्हें हराया है और इस बार भी हरायेंगे." ज्वाला और दीजू का सामना चीन के जियामिंग ताओ और हुआन शिया से होगा.
Post new comment