नई दिल्ली: भारत की महिला हाकी टीम को आज आकलैंड में खेले जा रहे चार देशों के हाकी टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड ने 2 . 1 से हरा दिया. दो गोल से पिछडने के बाद भारत के लिये एकमात्र गोल अनुराधा देवी ने 40वें मिनट में किया.
हार्बर हाकी स्टेडियम पर हुए इस मैच में अनिता ने तीसरे और केटी ग्लेन ने 24वें मिनट में गोल कर न्यूजीलैंड को 2..0 की बढत दिलाई. भारतीय टीम की रानी वंदना और रितू रानी की तिकडी ने गोल करने का पूरा प्रयास किया लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल पायी. भारत को पहले हाफ में चार पेनल्टी कार्नर मिले लेकिन वे एक को भी गोल में नहीं बदल पाये.
हाफ टाइम के बाद भारतीय टीम ने जोरदार हमले बोले और उसको 40 वें मिनट में फायदा हुआ जब पूनम रानी के सहयोग से अनुराधा देवी ने गोल किया. भारत ने इसके बाद स्कोर बराबर करने का पूरा प्रयास किया लेकिन न्यूजीलैंड की गोलची बियानका रसेल ने हर हमले का नाकाम कर दिया. भारत को अब अपने दूसरे मैच में कल अमेरिका से खेलना है.
Post new comment