चालक को अगवा कर लाखों की बियर लूटी

पटना: ट्रक चालक व खलासी को अगवा कर अपराधियों ने ट्रक सहित 17 लाख रुपये मूल्य का बियर लूट ली व फरार हो गये. घटना बाइपास थाना क्षेत्र के करमलीचक के समीप की है. इस घटना से ट्रक चालकों में आक्रोश है. पुलिस घटना की छानबीन कर रही है.

गोवा से आया था ट्रक
घटना के संबंध में ट्रक संख्या यूपी 63 के -9684 के चालक मिर्जापुर निवासी उपेंद्र कुमार ने बताया कि गुरुवार की रात करीब गोवा के दमन इलाके से ट्रक पर 1200 पेटी बियर भेजी जा रही थी. यहां पहुंचने पर गोदाम में जगह नहीं होने पर चालक व खलासी विष्णु कुमार ट्रक में ही सो रहे थे. अचानक आधा दर्जन अपराधियों ने धावा बोल दिया और ट्रक के केबिन को तोड़ अंदर घुसे गये.

पिकअप वैन से किया अगवा
हथियार का भय दिखा कर अपराधियों ने चालक व खलासी को ट्रक से उतार कर आंखों पर पट्टी बांध कर दूसरे पिकअप वैन पर चढ़ा दिया. इसके बाद एक दल अगवा चालक व खलासी को लेकर पटना-मसौढ़ी रोड, जबकि दूसरा लोड ट्रक को लेकर दीदारगंज की ओर लेकर भाग गया. चालक ने बताया कि पिकअप वैन सवार अपराधी लगातार मारपीट करते हुए डरा रहे थे कि मुंह खोलने पर जान से मार देंगे. अपराधियों ने चालक के हाथ-पैर को भी बांध दिया था. पुलिस के अनुसार बैरिया के पास अपराधियों ने चालक व खलासी को एक खेत में गिरा दिया.

चाकू मार किया जख्मी
चालक ने बताया कि रास्ता में विरोध करने पर अपराधियों उसकी जांघ में चाकू भी मार दिया था. शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों की नजर खेत में गिरे चालक व खलासी पर पड़ी. लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. थाना पहुंचे चालक ने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी.शुक्रवार को घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज हुई. गोदाम के प्रभारी अश्विनी ने बताया कि उक्त ट्रक पर 1200 पेटी बियर लोड थी, जो 500 एमएल केन में पैक थी. इसकी कीमत दस लाख रुपये से अधिक है. इधर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि लूट गये सामान की कीमत करीब छह लाख है. पुलिस घटना की छानबीन व अपराधियों के खिलाफ सघन छापेमारी कर रही है.

चालकों में आक्रोश
इधर, घटना के बाद ट्रक चालकों में गहरा आक्रोश कायम है.चालकों का कहना है कि आये दिन इस प्रकार की घटनाएं हो रही हैं.पुलिस ऐसे मामले में गंभीर नहीं है.

This Article Posted on: April 15th, 2012

Post new comment

The content of this field is kept private and will not be shown publicly.
Image CAPTCHA
Enter the characters shown in the image.