हैदराबाद : दूरसंचार कंपनी यूनिनॉर ने उम्मीद जताई है कि 2जी स्पेक्ट्रम का मुद्दा सुलझ जाएगा. हालांकि, कंपनी नई इकाई के गठन के लिए नए भारतीय भागीदार की तलाश कर रही है.
यूनिनॉर के प्रबंध निदेशक सिग्वे ब्रेके ने यहां संवाददाताओं से कहा, ''हमें उम्मीद है कि 2 जून से पहले 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन पर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी. हमें भरोसा है कि उससे पहले इस मुद्दे का हल मिल जाएगा. इसी के साथ हम भारत सरकार के साथ बातचीत कर रहे हैं. इन्हीं सब बातों को देखते हुए हमें उम्मीद है कि हल निकल आएगा.'' उच्चतम न्यायालय ने 2 फरवरी के अपने आदेश में 2जी मोबाइल सेवाओं के 122 लाइसेंस रद्द कर दिए थे. इससे यूनिनॉर के भी 22 लाइसेंस रद्द हो गए हैं. यूनिनॉर नॉर्वे की टेलिनॉर और भारत की रीयल एस्टेट कंपनी यूनिटेक का संयुक्त उद्यम है.
भारत में नई इकाई के गठन की योजना के बारे में ब्रेके ने कहा कि उनकी कई भारतीय कंपनियों से बातचीत हो रही है. हालांकि, नई इकाई में उनकी 74 प्रतिशत की हिस्सेदारी ही रहेगी. उन्होंने कहा, ''हमारा नया भागीदार दूरसंचार आपरेटर नहीं होगा. भागीदार ऐसा होगा जो परिचालन में शामिल नहीं होगा.'' उन्होंने कहा कि यूनिटेक के साथ अलगाव का मामला सिंगापुर में पंचाट की प्रक्रिया में है.
Post new comment