गढ़वा : पलामू के सांसद कामेश्वर बैठा ने लघु सिंचाई प्रमंडल गढ़वा के कार्यपालक अभियंता गुलाम हैदर अली की सरेआम पिटाई कर दी. उन्हें चांटा मारा. इसके बाद अपनी गाड़ी में बैठा कर उपायुक्त कार्यालय लाये.
सांसद ने उपायुक्त के सामने कार्यपालक अभियंता के साथ डांट-फटकार की. बाद में उपायुक्त की ओर से बीच-बचाव किये जाने पर वह शांत हुए. गुलाम हैदर ने आरोप लगाया कि सांसद ने उन्हें धमकी दी. कहा कि हमें पहचानते नहीं हो, 26 मुकदमे हम पर चल रहे हैं. बरबाद कर देंगे. उधर, सांसद ने घटना से इनकार किया है. कहा, मैंने अभियंता को चांटा नहीं मारा.
कनहर भवन बुलाया था
जानकारी के अनुसार, सांसद श्री बैठा शुक्रवार को कनहर भवन पहुंचे. इसके बाद उन्होंने कार्यपालक अभियंता गुलाम हैदर अली को तलब किया. लघु सिंचाई प्रमंडल गढ़वा में सांसद निधि की करीब 61 लाख की 45 योजनाएं आयी हैं.
सांसद का कहना था कि दो लाख की योजनाओं को कार्यकर्ता के माध्यम से करा कर उन्हें सीधे भुगतान करना है. दो से 10 लाख तक की योजना विभागीय स्तर पर और इससे अधिक की योजना निविदा के माध्यम से करानी है.
पर कहा जा रहा है कि कार्यपालक अभियंता दो लाख तक की योजनाओं को भी विभागीय करवाना चाहते थे. इससे सांसद गुस्से में आ गये. अभियंता के गाल पर तमाचा जड़ दिया. कार्यपालक अभियंता का चश्मा नीचे गिर गया. वहां खड़े विभाग के सहायक अभियंता ने चश्मा उठाया. घटना के समय सांसद के अंगरक्षक सहित अन्य कई लोग उपस्थित थे.
- पलामू के सांसद हैं कामेश्वर बैठा
- लघु सिंचाई प्रमंडल गढ़वा के कार्यपालक अभियंता हैं गुलाम हैदर
- सांसद पर क्या-क्या आरोप
- गढ़वा के कनहर भवन में लघु सिंचाई प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता गुलाम हैदर अली को पीटा
- गाड़ी में जबरन बैठा कर डीसी ऑफिस ले गये
- बरबाद करने की धमकी दी
- कहा कि हमें पहचानते नहीं हो, 26 मुकदमे हम पर चल रहे हैं
- क्या चाहते थे सांसद
सांसद निधि की दो लाख तक की योजनाएं कार्यकर्ता के माध्यम से करा कर उन्हें सीधे भुगतान किया जाये.
- अभियंता ने किया था इनकार
कार्यपालक अभियंता दो लाख तक की योजनाओं को भी विभागीय करवाना चाहते थे
Post new comment