नेगी को एशियाई शतरंज में एकल बढत

हो ची मिन (वियतनाम) : ग्रैंडमास्टर परिमार्जन नेगी ने चीन के यु यांगयी के रक्षण को भेदकर एशियाई महाद्वीपीय शतरंज चैंपियनशिप के छठे दौर के बाद एकल बढत हासिल कर ली है.

नेगी की यह लगातार चौथी जीत है. इससे यह 19 वर्षीय खिलाडी सभी को पीछे छोडकर अब स्वर्ण पदक के करीब पहुंच गया है. यांगयी के खिलाफ जीत काफी करीबी रही क्योंकि चीनी खिलाडी ने बाजी ड्रा कराने के लिये काफी कोशिश की. नजडोर्फ सिसिलियन में नेगी ने काले मोहरों से अच्छी शुरुआत की लेकिन यांगयी ने मोहरों की अदला बदली करके दबाव बनाये रखा.

नेगी ने रक्षण के लिये अच्छी चालें चली और यांगयी तब नहीं समझ पाये कि यह ड्रा के लिये अच्छा मौका है. भारतीय खिलाडी ने आखिर में उनकी गलतियों का फायदा उठाकर जीत दर्ज की. इस जीत से नेगी के पांच अंक हो गये हैं. उनका अगला मुकाबला चीन के डिंग लीरेन से होगा जो चार अन्य खिलाडियों के साथ 4 . 5 अंक लेकर संयुक्त दूसरे स्थान पर हैं.

टूर्नामेंट में भाग ले रहे एक अन्य भारतीय अभिजीत गुप्ता ने फिलीपीन्स के मार्क परागुए के खिलाफ जीत की स्थिति में होने के बावजूद बाजी गंवा दी और इससे वह खिताब की दौड से बाहर हो गये. गुप्ता ने सफेद मोहरों से स्लैव डिफेन्स में रुसी शैली अपनायी और उन्होंने शुरु से ही परागुए को परेशानी में रखा. आखिरी क्षणों में गुप्ता के पास ड्रा कराने के कई मौके थे लेकिन आखिर में उन्हें हार ङोलनी पडी.

This Article Posted on: May 11th, 2012

Post new comment

The content of this field is kept private and will not be shown publicly.
Image CAPTCHA
Enter the characters shown in the image.