कोलकाता को हराकर चेन्नई ने बनाई हैट्रिक

CSK- 160/5, OVERS- 20

कोलकाता : शादाब जकाती और माइक हसी के जानदार प्रदर्शन के बाद ड्वेन ब्रावो के अंतिम गेंद पर लगाए छक्के की बदौलत चेन्नई सुपरकिंग्स ने आईपीएल में आज यहां कोलकाता नाइट राइडर्स को पांच विकेट से हराकर लगातार तीसरी जीत के साथ प्ले आफ में क्वालीफाई करने की ओर कदम बढाए.

केकेआर की टीम गौतम गंभीर की 62 रन की पारी के बावजूद छह विकेट पर 158 रन ही बना पाई थी जिसके जवाब में सुपरकिंग्स ने हसी (56) और मुरली विजय (36) की पारियों की बदौलत पांच विकेट पर 160 रन बनाकर मैच जीत लिया.
हसी और विजय ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 10.2 ओवर में 97 रन भी जोडे. कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 21 गेंद में 28 रन की पारी खेली. चेन्नई को अंतिम ओवर में नौ रन चाहिए थे. रजत भाटिया ने दूसरी गेंद पर धोनी को बोल्ड किया.
रविंद्र जडेजा (नाबाद 03) ने इसके बाद दो और फिर एक रन लिया. ब्रावो (सात गेंद में नाबाद 11 रन) ने पांचवीं गेंद खाली खेली जिससे अंतिम गेंद पर पांच रन चाहिए थे. ब्रावो ने इसके बाद फुलटास को लांग आन पर छह रन के लिए भेजकर टीम को जीत दिला दी.

इससे पहले कोलकाता की टीम 10 ओवर में बिना विकेट खोए 96 रन बनाकर मजबूत स्थिति में थी लेकिन शादाब जकाती (26 रन दो विकेट) की अगुआई में चेन्नई ने मेजबान टीम को अंतिम 10 ओवर में 62 रन ही जोडने दिए.

इस जीत के बाद सुपरकिंग्स ने 15 मैच में 17 अंक जुटाकर चौथे स्थान पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है जबकि 14 मैच में 17 अंक के साथ केकेआर की टीम तीसरे स्थान पर है.

चेन्नई को हसी और विजय की सलामी जोडी ने तूफानी शुरुआत दिलाई. दोनों ने सिर्फ पांच ओवर में टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया. इस दौरान लक्ष्मीपति बालाजी के दूसरे ओवर में दोनों ने 25 रन बटोरे.

हसी ने विशेष तौर पर आक्रामक रवैया अपनाया. उन्होंने बालाजी पर दो छक्के मारने के अलावा भाटिया और जाक कैलिस की गेंद को भी दर्शकों के बीच पहुंचाया. उन्होंने बालाजी की गेंद पर एक रन के साथ 35 गेंद में अर्धशतक पूरा किया.

गंभीर ने 10वें ओवर में गेंद वेस्टइंडीज के स्पिनर सुनील नरेन को थमाई और उन्होंने अपने कप्तान को निराश करते हुए हसी और विजय को तीन गेंद भीतर पवेलियन भेज दिया. हसी ने भाटिया को कैच थमाया जबकि विजय बोल्ड हुए. हसी ने 36 गेंद का सामना करते हुए चार छक्के और इतने की चौके मारे जबकि विजय ने 24 गेंद की अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का मारा.

सुरेश रैना (10) भी इसके बाद रन आउट होकर पवेलियन लौटे. फाफ डु प्लेसिस (13) और धोनी को शुरु में रन बनाने के दिक्कत हुई. टीम को अंतिम तीन ओवर में जीत के लिए 32 रन की दरकार थी लेकिन भाटिया ने डु प्लेसिस को बाउंड्री पर मनोज तिवारी के हाथों कैच करा दिया.

टीम को अंतिम दो ओवर में 27 रन की जरुरत थी. धोनी ने 19वें ओवर में मर्चेन्ट डि लेंगे की पहली तीन गेंदों पर दो चौके और एक छक्का जडकर टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया लेकिन उनक आउट होने के बाद ब्रावो ने टीम को जीत दिला दी.

इससे पहले गंभीर ने ब्रैंडन मैकुलम (37) के साथ सिर्फ 11.3 ओवर में पहले विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी करके टीम को शानदार शुरुआत दिलाई लेकिन बीच के ओवरों में टीम ने लय खो दी.

टीम चार गेंद के भीतर गंभीर और मैकुलम का विकेट गंवाने के बाद राह से भटक गई.
गंभीर ने जकाती पर चौके के साथ खाता खोला लेकिन मैकुलम को शुरुआत में लय में आने में दिक्कत हुई. गंभीर ने चौथे ओवर में बेन हिल्फेंहास पर पारी का पहला छक्का जडा जबकि जकाती गेंद पर भी सीधा छक्का जडा.
चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने आठवें ओवर में गेंद रविंद्र जडेजा को थमाई तो गंभीर ने उनका लगातार गेंद पर छक्के और चौके के साथ किया और मौजूदा टूर्नामेंट में 500 रन बनाने वाले केकेआर के पहले और कुल चौथे बल्लेबाज बने. मैकुलम ने भी अंतिम गेंद को बाउंड्री के दर्शन कराए.

गंभीर ने आर अश्विन की गेंद पर एक रन के साथ सिर्फ 31 गेंद में आईपीएल पांच का अपना छठा अर्धशतक पूरा किया. मैकुलम ड्वेन ब्रावो के ओवर में दो रन लेने के प्रयास में रन आउट हो गए.

उन्होंने 29 गेंद की अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का मारा. गंभीर भी जकाती के अगले ओवर में पवेलियन लौटे. उन्होंने इस स्पिनर की गेंद को विकेटों पर खेला. उन्होंने 43 गेंद का सामना करते हुए छह चौके और तीन छक्के मारे.

जकाती ने अपने अगले ओवर में जाक कैलिस (04) को स्लिप में आउट कराके कोलकाता का स्कोर तीन विकेट पर 111 रन किया. यूसुफ पठान (11) ने जडेजा पर छक्का जडा लेकिन अश्विन ने उन्हें बाउंड्री पर ब्रावो के हाथों कैच करा दिया.

जडेजा ने इसके बाद मनोज तिवारी (12) को लांग आन पर ब्रावो के हाथों कैच कराकर केकेआर को पांचवा झटका दिया. देवब्रत दास ने (10 गेंद में 19 रन) जडेजा पर लगातार दो चौके और फिर ब्रावो पर छक्का जडकर टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.

This Article Posted on: May 14th, 2012

Post new comment

The content of this field is kept private and will not be shown publicly.
Image CAPTCHA
Enter the characters shown in the image.