कोलकाता: लगातार दो हार के बाद आईपीएल की अंकतालिका में तीसरे स्थान पर खिसकी कोलकाता नाइट राइडर्स पर प्लेआफ की दौड से बाहर होने का खतरा मंडराने लगा है. कप्तान गौतम गंभीर को हालांकि यकीन है कि आखिरी दो लीग मैच में हालात बदल जायेंगे.
केकेआर को कल रात चेन्नई सुपर किंग्स ने आखिरी गेंद पर पांच विकेट से हराया. मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में गंभीर ने कहा,‘ ‘ पिछले दो मैचों में हमने अच्छी क्रिकेट खेली. हम हालांकि फिनिशिंग लाइन तक पहुंचने में नाकाम रहे. इसके यह मायने नहीं है कि हम खराब खेले.’’ उन्होंने कहा ,‘‘ हमने इन मैचों से सकारात्मक बातें ली है. हम जिस तरह से खेल रहे हैं, उम्मीद है कि हालात जल्दी ही बदल जायेंगे.’’
प्लेआफ में पहुंचने की संभावना के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा,‘ ‘ हमें अभी दो मैच और खेलने हैं. हम अंकतालिका में तीसरे स्थान पर है. अभी सभी टीमों के लिये मौका है. यदि हम एक मैच जीत गए तो शीर्ष पर पहुंच जायेंगे.’’ मध्यक्रम के बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन के बावजूद गंभीर ने उनका बचाव करते हुए कहा कि मुंबई इंडियंस और पुणे वारियर्स के खिलाफ बाकी दो मैचों के लिये अंतिम एकादश में भारी बदलाव की जरुरत नहीं है.
Post new comment