गर्मी को लेकर बर्दवान जिले में सतर्कता

आसनसोल : मौसम विभाग की ओर से तापमान मे बढ़ोत्तरी की खबर के बाद राज्य के पांच जिलों को सतर्क कर दिया गया है. स्कूल में गरमी की छुट्टी का ऐलान पहले ही राज्य सरकार कर चुकी है. हालांकि मंगलवार की शाम को हुई छिटपुट बारिश से लोगों ने राहत की सांस ली.

परंतु मौसम विभाग की ओर से स्पष्ट बता दिया गया है कि अभी और एक दो दिनों तक तापमान में किसी प्रकार की कमी नहीं आयेगी, आसमान साफ रहेगा. जिससे मालदह, वीरभूम, बांकुड़ा, पुरुलिया और बर्दवान जिले में आगामी दिनों तापमान में और अधिक वृद्धि होगी, तेज गरम हवा चलने की भी संभावना है. लोगों को इस दौरान सावधान रहने की सलाह दी गयी है. मौसम विभाग की इस घोषणा के बाद जिला प्रशासन को सतर्क कर दिया गया है.

मालूम हो कि पिछले एक सप्ताह से देह झुलसा देने वाली गरमी से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है. दिन चढ़ने के साथ ही लोगों का घरों से निकलना बंद हो जाता है. 10 से 11 बजते बजते हाट-बाजार और सड़कों पर सन्नाटा देखा जाता है. गरमी के कारण सोमवार को एक वृद्ध की मौत हो गयी, वहीं दर्जनों लोग अस्वस्थ्य हो गये. स्कूल कॉलेज जाने वालों छात्रों के गरमी के चपेट में आ कर बीमार पड़ने के मामलों को देखते हुए राज्य सरकार द्वारा सभी स्कूलों में मंगलवार से छुट्टी की घोषणा कर दी गयी है.

-जानवर भी परेशान
बढ़ी गरमी से केवल आदमी ही नहीं पशु-पक्षी भी प्रभावित हो रहे हैं. दोपहर को इसका नजारा देखा जा सकता है. आसनसोल के रहने वाले बापी चौधरी ने बताया कि दोपहर को बचे भोजन देने के लिए बाहर आये और काफी आवाज देने के बाद भी एक कुत्ता नजर नहीं आया, जबकि पहले दोपहर होते ही दरवाजे पर पहले से कुत्तों की भीड़ लगी रहती थी. दूध का व्यापार करने वाले राम नाथ यादव ने बताया कि पशुओं पर भी गरमी का असर हो रहा है. पशुओं को सुबह-शाम नहलाना पड़ रहा है, इसके बावजूद उनके हाव-भाव में परिवर्तन देखे जा रहे हैं और दूध भी कम हो गया है.

-बारिश से क्षणिक राहत
मंगलवार की शाम तेज हवाओं के साथ आयी बारिश से लोगों को राहत मिली और शाम का मौसम सुहाना हो गया. लेकिन मौसम विभाग की ओर से स्पष्ट घोषणा की गयी है कि अभी गरमी से राहत नहीं मिलेगी और आसमान में दूर-दूर तक बादल नहीं दिखेंगे. इस बारिश को क्षणिक राहत माना जा रहा है.

This Article Posted on: May 15th, 2012

Post new comment

The content of this field is kept private and will not be shown publicly.
Image CAPTCHA
Enter the characters shown in the image.