आसनसोल : रामकिशुन डंगाल निवासी पोस्टमास्टर सुशील यादव हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपी हरि पासवान व अभय गोस्वामी उर्फ प्रमोद को पुलिस रिमांड अवधि समाप्त होने पर मंगलवार को पुन: आसनसोल न्यायालय के अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के अदालत में पेश किया गया.
पुलिस ने रिमांड अवधि में आरोपियों की निशानदेही पर एक पिस्टल और एक बाइक बरामद किया. जहां पुलिस ने एक अन्य मामले में कोर्ट से रिमांड की मांग की. जिसके बाद कोर्ट ने दोनों को तीन दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया.
ज्ञात हो कि रामकिशुन डंगाल निवासी सुशील यादव की ड्यूटू जाने के क्रम में अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. उसके बाद स्थानीय लोगों की ओर से पुलिस पर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गयी थी. इस मामले में थाने में शिकायत दर्ज करायी गयी थी.
मंगलवार को दोनों आरोपियों को बीएनआर विद्युत कार्यालय के कैश काउंटर से 1,12,825 रुपये लूटकांड मामले में आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस तीन दिन की पुलिस रिमांड पर ले गयी. ज्ञात हो कि इसके पहले उक्त दोनों आरोपियों को एटीएम लूटकांड मामले में गिरफ्तार किया था. उसके बाद पोस्टमास्टर हत्याकांड में दोनों को आसनसोल उत्तर थाना पुलिस ने रिमांड में ले गयी थी. गौरतलब हो कि संध्या चार बजे विद्युत कार्यालय के कैश काउंटर पर बंदूक की नोक पर एक लाख 12 हजार रुपये लूटने में अपराधी सफल हुए थे. इसी मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों का तीन दिनों की पुलिस रिमांड पर लिया.
Post new comment