नामधारी पर हमला करनेवाला गिरफ्तार

* माओवादी का सब जोनल कमांडर है सत्येंद्र सहयोगी भी पकड़ाया
मेदिनीनगर : पलामू पुलिस ने भाकपा माओवादी के दक्षिणी लातेहार एरिया नंबर-1 के जोनल कमांडर सत्येंद्र पासवान उर्फ सकेंद्रजी को गिरफ्तार कर लिया है.

सकेंद्र की गिरफ्तारी सदर थाना क्षेत्र के पोलपोल गांव निवासी सत्येंद्र राम के घर से सोमवार रात को हुई. सत्येंद्र राम उसके सहयोगी के रूप में काम करता था. पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार किया है.

सकेंद्रजी के पास से 315 की पिस्तौल व तीन गोलियां बरामद की गयी हैं. दिसंबर 2011 में सांसद इंदरसिंह नामधारी के स्कॉट वाहन पर हमला करनेवालों में सकेंद्र भी शामिल था. वह 2005 में माओवादी संगठन से जुड़ा था.

पलामू के एएसपी रोनाल्ड जे हासंदा ने बताया कि सकेंद्र 18 मामलों का आरोपी है. सकेंद्र ने पुलिस को बताया कि नामधारी के स्कॉट पर हमले का उद्देश्य उसे पता नहीं था. घटना की योजना शीर्ष नेता अरविंदजी, प्रभातजी, भरतजी व सुदर्शनजी ने मिल कर तैयार की थी.

उसे यह भी पता नहीं कि नामधारी निशाने पर थे या पुलिस पार्टी. 2010 में मनिका थाना क्षेत्र से लातेहार के डीडीसी का अपहरण हुआ था. इसमें भी सक्रेंद्र शामिल था. पलामू में 2010-11 में उसने कई मोबाइल टावर उड़ाये. विधानसभा चुनाव के दौरान चुनाव कार्यालय भी जलाये थे.

राजहरा का रहनेवाला है
सकेंद्र लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के राजहरा गांव का रहनेवाला है. 2005 में वह जमीन विवाद के कारण संगठन से जुड़ा था. 2006 में पांकी, लेस्लीगंज व सतबरवा इलाके का एरिया कमांडर बना. इसके बाद उत्तरी लातेहार तीन नंबर एरिया का सबजोनल कमांडर बना. उसका स्थानांतरण जनवरी 2011 में दक्षिणी लातेहार एरिया नंबर वन में हुआ है. इसके तहत सरयू और गारू का इलाका आता है.

This Article Posted on: May 15th, 2012

Post new comment

The content of this field is kept private and will not be shown publicly.
Image CAPTCHA
Enter the characters shown in the image.