कोलकाता : पेट्रोल की कीमत में की गयी बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गंठबंधन (संप्रग) सरकार पर दबाव बनाते हुए उसके दूसरे सबसे बड़े घटक तृणमूल कांग्रेस की मुखिया और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में शनिवार को विरोध जुलूस निकाला जायेगा. वरिष्ठ तृणमूल नेता और राज्य के पंचायत मंत्री सुब्रत मुखर्जी ने बताया कि दक्षिण कोलकाता में यादवपुर से हाजरा क्रॉसिंग तक जुलूस निकाला जायेगा.
इस पांच किलोमीटर के फासले के जुलूस की अगुवाई खुद ममता बनर्जी करेंगी. श्री मुखर्जी ने बताया कि यह पेट्रोल मूल्यवृद्धि के खिलाफ राज्य सरकार का बड़ा विरोध -प्रदर्शन होगा. रेल मंत्री मुकुल रॉय भी जुलूस में शरीक होंगे. इससे पहले बीते दिनों श्री रॉय ने भी एक जुलूस का नेतृत्व किया था. ममता बनर्जी ने बुधवार को पेट्रोल की कीमतों में अभूतपूर्व वृद्धि पर निराशा जतायी थी, पर कहा था कि वह संप्रग से बाहर नहीं निकलेंगी. सुश्री बनर्जी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस संप्रग का साथ नहीं छोड़ेगी, क्योंकि चुनावी प्रतिबद्धता के तहत पांच साल तक सरकार का समर्थन करना है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि अनुचित फैसलों का भी विरोध नहीं किया जायेगा. तृणमूल सूत्रों ने कहा कि रविवार को ब्लॉक स्तर पर राज्यभर में रैलियां व जुलूस निकाले जायेंगे. रेल मंत्री मुकुल राय पार्टी के अन्य नेता व राज्य के मंत्रियों की अगुवाई में विरोध रैली निकाली जायेगी.
-30 को द्रमुक का तमिलनाडु बंद
उधर, तेल की मूल्यवृद्धि के खिलाफ द्रमुण मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने 30 मई को तमिलनाडु में बंद का आह्वान किया है. तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और द्रमुक द्वारा विरोध प्रदर्शन की घोषणा से केंद्र सरकार पर दबाव बढ़ने की उम्मीद जतायी जा रही है.
-31 को बीजद का ओड़िशा बंद
31 को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गंठबंधन (राजग) और वाम मोरचा पहले ही 31 मई को राष्ट्रव्यापी भारत बंद का ऐलान कर चुके हैं. इसके बाद उधर, पेट्रोल मूल्यवृद्धि के खिलाफ 31 को ही ओड़िशा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) ने भी बंद की घोषणा कर दी है.
-आंदोलन को अन्ना का भी समर्थन
इस बीच, भारत बंद का समर्थन देते हुए गांधीवादी सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने कहा कि उनके समर्थक भी आंदोलन में हिस्सा लेंगे.
Post new comment