लाहौर : पाकिस्तान में पंजाब प्रांत की असेम्बली में अपने एक सहयोगी की अशोभनीय टिप्पणी से नाराज एक महिला विधायक ने उस पर अपनी जूती फेंक दी. इस घटना के बाद स्पीकर ने दोनों को निलंबित कर दिया.
विपक्षी पीएमएल क्यू की सीमल कामरान और सत्ता पक्ष के शेख अल्लाउदीन को सदन में उनकी हरकतों के कारण निलंबिन किया गया है. सीमल ने कल अल्लाउदीन पर उस समय जूती फेंकी, जब उन्होंने विपक्ष की महिला विधायकों के बारे में अशोभनीय टिप्पणियां की. दोनों ही विधायकों को आज सुबह असेम्बली के द्वार पर सूचित किया गया कि स्पीकर ने उन्हें मौजूदा बजट सत्र के संपन्न होने तक सदन में प्रवेश करने से रोक दिया है. सीमल ने आदेश को स्वीकार करने से इंकार कर दिया और वह असेम्बली के अंदर जाने पर अडी रही.
उन्होंने तथा पीएमएल-क्यू और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी की अन्य महिला विधायकों ने असेम्बली कर्मचारियों द्वारा बनाये गये सुरक्षा घेरे को तोडने का प्रयास किया. करीब तीन घंटे तक चली मशक्कत के बाद सीमल अचेत होकर गिर गयी और उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए सेना अस्पताल ले जाया गया. सीमल मुख्यमंत्री शहबाज शरीफ के नेतृत्व वाली पीएमएल.एन सरकार पर असेम्बली में हमला बोलने वाली विधायकों में आगे रहती हैं.
आज विपक्ष ने अल्लाउदीन के व्यवहार का विरोध करते हुए उनसे अपनी टिप्पणियों के लिए माफी मांगने को कहा. बहरहाल सत्ता पक्ष ने इस मांग को मानने से इंकार कर दिया और सत्ता पक्ष एवं विपक्ष के सदस्य सदन में आपस में उलझ गये. टेलीविजन पर दिखाये गये फुटेज के अनुसार विधायक एक दूसरे की ओर कागज उछाल रहे थे जबकि महिला विधायकों ने एक पुरुष विधायक की शर्ट फाड दी. विपक्ष के नेता और पीपीपी के वरिष्ठ नेता रजा रियाज ने कहा कि इससे पीएमएल.एन नेतृत्व की सोच पता लगती है.
Post new comment