टूट गयी अमर-अकबर-एंथोनी की जोड़ी
बोकारो : अमर-अकबर-एंथोनी की जोड़ी टूट गयी. एंथोनी अब हमारे बीच नहीं रहा. बात हो रही है जैविक उद्यान के तीन शावकों की. सफेद बाघ की जोड़ी सतपुड़ा व गंगा ने 17 मई को तीन शावकों को जन्म दिया था.
उनका नाम रखा गया था, अमर-अकबर-एंथोनी. इनमें से एंथोनी की मौत गुरुवार को हो गयी. इससे सतपुड़ा, गंगा, उद्यान परिवार व बोकारो वासी मर्माहत व दु:खी है.
जैविक उद्यान के वरीय प्रभागीय पशु शल्य चिकित्सक डॉ जी चक्रवर्ती ने बताया : गुरुवार को दोपहर में गंगा बाहर से घर के अंदर खाना खाने के लिए आयी. बाहर से अचानक अंदर आने पर उसे संभवत दिखायी नहीं दिया, जैसा एक आदमी के साथ भी होता है. उसका पैर एंथोनी पर पड़ गया. वह खाने में व्यस्त हो गयी.
खाने खिलाने वाले कर्मचारी ने शावक की चीख भी सुनी. शावक का पोस्टमार्टम कराया गया. रिपोर्ट में शावक के मुंह से खून निकला हुआ था. दो नाखून के गहरे निशान थे. रीढ़ की हड्डी टूटी हुई थी.
लंग्स में इंटरनल हेंब्रेज हो गया था. इस कारण शावक की मौत हो गयी. सफेद बाघ की एक जोडी. सतपुड़ा (नर) तथा गंगा (मादा) को इसी साल जनवरी में भिलाई के मैत्री बाग जैविक उद्यान से ऐनिमल एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत यहां लाया गया था.
Post new comment