कोलंबो : भारत के विराट कोहली को आज यहां अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के वार्षिक पुरस्कार समारोह में साल का सर्वश्रेष्ठ एकदिवसीय क्रिकेटर चुना गया. कोहली को पिछले 12 महीने में लगातार अच्छे प्रदर्शन के लिए यह पुरस्कार दिया गया. इस दौरान उन्होंने दुनिया भर में भारत की लगभग सभी विरोधी टीमों के खिलफ रन बनाए.
पिछले एक साल के दौरान कोहली ने 31 एकदिवसीय मैच खेले और इस दौरान उन्होंने 66 . 65 के बेहतरीन औसत के साथ 1733 रन बनाए जिसमें आठ शतक और छह अर्धशतक शामिल हैं. एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ 183 रन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा.
कोहली ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि मैंने चीजों को अधिक से अधिक सामान्य रखने का प्रयास किया और मुझे मैदान पर इसका फायदा मिला.’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह साल मेरे लिए टीम के सीनियर खिलाडियों से सीखने वाला भी रहा. यह आलराउंड प्रयास रहा और यह पुरस्कार जीतकर मैं काफी खुश हूं.’’
कोहली ने कहा, ‘‘आईसीसी से मान्यता मिलना हमेशा अच्छा रहता है और यह शानदार अहसास है. मैंने पहली बार यह पुरस्कार जीता है ओर यह बेहतरीन अहसास है.’’कोहली ने 50 ओवर के प्रारुप में अब तक 90 मैचों में 51.81 की औसत से 3886 रन बनाए हैं. टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 10 मैचों में 41.35 की औसत से 703 रन बनाए हैं. उनके नाम पर दो शतक और पांच अर्धशतक दर्ज हैं जबकि 116 रन उनका सर्वाधिक स्कोर है.
Post new comment