पटना : बिहार सरकार ने डीजल पर लगने वाले मूल्य वर्धित कर (वैट) में दो प्रतिशत कमी करने का आज फैसला किया, जिससे डीजल के खुदरा मूल्य पर प्रतिलीटर 85 पैसे की कमी होगी.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में डीजल पर लगने वाले 18 प्रतिशत वैट में दो प्रतिशत कमी करने का निर्णय किया गया, जिससे राज्य में 51 रुपये प्रति लीटर मिलने वाला डीजल आज रात 12 बजे से 50.15 रुपये प्रति लीटर मिलेगा.
मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से कहा कि केंद्र द्वारा बढाये गये डीजल के मूल्य पर लोगों को राहत देने के लिए यह फैसला किया गया है. इससे राज्य सरकार को चालू वित्तीय वर्ष के दौरान शेष छह महीने में 118 करोड रुपये राजस्व का नुकसान होगा.
कांग्रेस शासित राज्यों में सब्सिडी युक्त तीन रसोई गैस सिलेंडर देने की योजना के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘यह उनका फैसला है. एलपीजी की कीमतों को लेकर राज्य सरकार का अधिक हस्तक्षेप नहीं होता और कर कम करने से कीमत पर कोई अधिक प्रभाव नहीं पडता. कांग्रेस शासित सरकारों ने जो फैसला किया है वह बाद में पता चलेगा कि किसकी कितनी हैसियत है.’’
Post new comment