इंग्‍लैंड़ पर भारत की बड़ी जीत

कोलंबो : रोहित शर्मा की फार्म में वापसी पर खेली गयी उम्दा पारी के बाद हरभजन सिंह की उंगलियों की जादूगरी से भारत ने आईसीसी ट्वेंटी. 20 चैंपियनशिप में आज यहां इंग्लैंड को 90 रन से करारी शिकस्त देकर इस प्रारुप में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की.
कल के मैच में हमने कई मुश्किल फैसले किये : धौनी
पुरस्कार मेरी मां के लिये है : हरभजन  
हमने भारत के लिये चीजें आसान कर दीं : ब्राड  

पिछली सात अंतरराष्ट्रीय पारियों में केवल 18 रन बनाने वाले रोहित ने 33 गेंद पर नाबाद 55 रन की उम्दा पारी खेली. सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने 38 गेंद पर 45 रन बनाकर फार्म में लौटने की कोशिश की जबकि सदाबहार विराट कोहली ने 32 गेंद पर 40 रन बनाकर अपनी बेहतरीन फार्म बरकरार रखी.. इससे भारत बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर चार विकेट पर 170 रन बनाने में सफल रहा.

इंग्लैंड तो किसी भी समय लक्ष्य हासिल करने की स्थिति में नहीं दिखा. पहले इरफान पठान ने उसे झटके दिये और बाद में उसके बल्लेबाज हरभजन और पीयूष चावला के सामने असहाय दिखे. क्रेग कीसवेटर के 35 रन के बावजूद इंग्लैंड की पूरी टीम 14.4 ओवर में 80 रन पर ढेर हो गयी. यह ट्वेंटी.20 क्रिकेट में उसका न्यूनतम स्कोर है. इससे पहले उसने वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछले साल ओवल में 88 रन बनाये थे.

आफ स्पिनर हरभजन ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 12 रन देकर चार विकेट लिये जो भारत के किसी भी गेंदबाज का इस प्रारुप में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. उन्होंने आरपी सिंह का रिकार्ड तोडा जिन्होंने 2007 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ डरबन में 13 रन देकर चार विकेट लिये थे. हरभजन के अलावा लेग स्पिनर चावला और तेज गेंदबाज पठान ने दो- दो विकेट हासिल किये.

भारत की यह ट्वेंटी.20 में रनों के लिहाज से बड़ी जीत है जिससे वह सुपर आठ में बढे मनोबल के साथ कदम रखेगा. भारत की इससे पहले बड़ी जीत 39 रन से थी जो उसने इसी साल अगस्त में श्रीलंका के खिलाफ पाल्लेकेल में दर्ज की थी. भारत सुपर आठ में अपना पहला मैच 28 सितंबर को कोलंबो में आस्ट्रेलिया से खेलेगा.

हरभजन ने एक साल बाद वापसी करके साबित कर दिया कि वह टीम के लिये कितने महत्वपूर्ण हैं. भारत को हालांकि शुरुआती सफलता पठान ने दिलायी. उन्होंने पहले ओवर में ही स्विंग लेती गेंद पर अलेक्स हालेस की गिल्लियां बिखेरी. उन्होंने फिर पिछले मैच में नाबाद 99 रन की पारी खेलने वाले ल्यूक राइट ( चार गेंद पर छह रन ) को एलबीडब्ल्यू आउट करके उन्हें पिछली गेंद पर छक्का जडने की सजा दी.

कीसवेटर ने अगले दो ओवर में अशोक डिंडा और पठान को निशाना बनाया तो कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने तुरंत ही दोनों छोर से स्पिन आक्रमण लगा दिया जिसके बाद इंग्लैंड के कमजोर पक्ष की कलई खुलने में देर नहीं लगी. हरभजन ने अपनी दूसरी गेंद पर ही इयोन मोर्गन को छकाकर बोल्ड कर दिया.

चावला ने जानी बेयरस्टॉ और कीसवेटर ( 25 गेंद चार चौके, दो छक्के ) को आउट करके जतला दिया कि वह टीम के केवल ‘लकी मस्कट’ ही नहीं हैं. बेयरस्टॉ उनकी गुगली नहीं समझ पाये तो कीसवेटर ने लेग ब्रेक पर स्लिप में कैच थमाया. हरभजन ने टिम ब्रेसनन, जोस बटलर (11) और ग्रीम स्वान को आउट करके अपने करियर में पहली बार चार विकेट लेने का कारनामा दिखाया. जाडे डर्नबाक (12) रन आउट होने से पहले दोहरे अंक में पहुंचने वाले तीसरे इंग्लिश बल्लेबाज बने.

इससे पहले धोनी ने वीरेंद्र सहवाग, जहीर खान और रविचंद्रन अश्विन को विश्रम देकर दिया और बाद में पठान से पारी का आगाज करवाकर भारतीय क्रिकेट प्रेमियों की कुछ पुरानी यादों को ताजा किया.

पठान (आठ गेंद पर आठ रन) नहीं चल पाये और स्टीवन फिन ( 33 रन देकर दो विकेट ) की फुललेंथ गेंद पर उनकी गिल्लियां बिखर गयी. पिछले कुछ मैचों में असफल रहने के कारण दबाव में चल रहे गंभीर ने डर्नबाक पर दूसरे ओवर में लगातार दो चौके जडकर हाथ खोले लेकिन पठान के आउट होने के बाद नये बल्लेबाज कोहली ने रन बनाने का मुख्य जिम्मा संभाला.

कोहली ने फिन पर चौका जडकर खाता खोला और इसके बाद जब भी उन्हें मौका मिला तब उन्होंने गेंद को सीमा रेखा के दर्शन कराये. आफ स्पिनर स्वान ( 17 रन देकर एक विकेट) ने गंभीर और कोहली पर अच्छा दबाव बनाया और इसका फायदा उन्हें आखिर में मिल भी गया. गंभीर इस आफ स्पिनर की गेंद पर स्टंप आउट होने से बचे लेकिन उन्होंने उसी ओवर में कोहली को गलत शाट खेलने के लिये उकसाकर कैच आउट कराया. कोहली ने अपनी पारी में छह चौके लगाये.

गंभीर की संघर्षपूर्ण पारी का अंत फिन ने किया. उनकी धीमी आफ कटर गंभीर के बल्ले का किनारा लेकर विकेट के पीछे गयी और कीसवेटर ने डाइव लगाकर उसे लपक लिया. गंभीर अपनी पारी में पांच चौके ही लगा पाये.

This Article Posted on: September 24th, 2012 in : Sections.

Post new comment

The content of this field is kept private and will not be shown publicly.
Image CAPTCHA
Enter the characters shown in the image.