बैरिया में बिजली मिस्त्री की करंट से मौत, शव रखकर पावर सबस्टेशन पर ग्रामीणों का प्रदर्शन

Updated:
विज्ञापन

बैरिया के नौका टोला में बिजली मिस्त्री रवि रंजन यादव की हाई वोल्टेज की समस्या ठीक करते समय करंट लगने से मौत हो गई. इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया.

विज्ञापन

Bettiah News: बैरिया थाना क्षेत्र के मियांपुर पंचायत के नौका टोला वार्ड संख्या-1 में रविवार को हाई वोल्टेज की शिकायत दूर करने पोल पर चढ़े बिजली मिस्त्री सह मानव बल रवि रंजन यादव की करंट की चपेट में आने से मौत हो गयी. हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए घंटों प्रदर्शन किया. ग्रामीणों ने मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी, उचित मुआवजा और जिम्मेदार पदाधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की.

आपके शहर में

विज्ञापन

Bairia News: हाई वोल्टेज की शिकायत दूर करने पहुंचे थे रवि रंजन

बताया जाता है कि नौका टोला में हाई वोल्टेज की शिकायत मिलने के बाद रवि रंजन यादव अन्य मानव बल के साथ बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने पहुंचे थे. वह बिजली के पोल पर चढ़कर काम कर रहे थे. इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए और नीचे गिर पड़े.

ग्रामीणों और अन्य मानव बल की मदद से उन्हें आनन-फानन में बेतिया जीएमसीएच ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

दो छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

मृतक की पहचान पटना पंचायत के फुलझारिया गांव निवासी रवि रंजन यादव के रूप में हुई है. वह बिजली मिस्त्री का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनके दो छोटे बच्चे हैं.

रवि रंजन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गयी. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं फुलझारिया गांव में भी मातम पसरा हुआ है.

गलत शटडाउन देने का लगाया गंभीर आरोप

मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने बिजली विभाग के कनीय अभियंता राजीव कुमार और स्विच बोर्ड ऑपरेटर प्रदीप कुमार पर गलत शटडाउन देने का गंभीर आरोप लगाया है. ग्रामीणों का कहना है कि बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद होने की पुष्टि किए बिना ही रवि रंजन को पोल पर काम करने के लिए भेज दिया गया.

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कथित लापरवाही के कारण रवि रंजन करंट की चपेट में आए. हालांकि इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

शव रखकर पावर सबस्टेशन पर घंटों प्रदर्शन

हादसे से आक्रोशित ग्रामीण रवि रंजन का शव लेकर भीतहा पंचायत के मोतिहारी टांड़ स्थित पावर सबस्टेशन पहुंचे. वहां शव रखकर घंटों प्रदर्शन किया गया. प्रदर्शनकारियों ने मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी देने, उचित मुआवजा उपलब्ध कराने और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की.

ग्रामीणों ने संबंधित जेई को हटाने की मांग भी उठाई.

पावर सबस्टेशन के बाद बैरिया थाना पहुंचे ग्रामीण

पावर सबस्टेशन पर प्रदर्शन के बाद ग्रामीण शव लेकर बैरिया थाना पहुंच गए. ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस पहल नहीं होती, तब तक वे आंदोलन जारी रखेंगे.

पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले की जानकारी जुटाई जा रही है. हादसे के वास्तविक कारण और जिम्मेदारी की स्थिति जांच के बाद स्पष्ट होने की उम्मीद है.

यह भी पढ़ें: पंचायत से बूथ तक जदयू को मजबूत करने का मंत्र, शंभू कुशवाहा ने कार्यकर्ताओं को दिया टास्क


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन