आपकी उम्र 20-25 साल है और नौकरी की तलाश में हैं? मोतिहारी की ये योजना आपके काम की है
मोतिहारी के 20 से 25 वर्ष के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए खुशखबरी है. बिहार सरकार की मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना के तहत उन्हें हर महीने 1000 रुपये दिए जा रहे हैं. यह राशि उन्हें नौकरी या बेहतर करियर तलाशने में मदद करेगी.
Motihari News: बिहार सरकार की मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना के तहत मोतिहारी जिले में बेरोजगार युवक-युवतियों को आर्थिक सहायता दी जा रही है. जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र के स्तर पर अब तक 49,130 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 46,508 आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं. योजना के तहत अब तक 51.08 करोड़ रुपये की सहायता राशि लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे भेजी गई है.
आपके शहर में
49,130 आवेदन में 46,508 हुए स्वीकृत
जारी आंकड़ों के अनुसार जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र को अब तक कुल 49,130 आवेदन प्राप्त हुए हैं. आवेदनों की जांच के बाद 46,508 आवेदन स्वीकृत किए गए हैं. प्रशासन का कहना है कि पात्र युवाओं तक योजना का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है.
51.08 करोड़ रुपये सीधे बैंक खाते में भेजे
मुख्यमंत्री के सात निश्चयों में शामिल इस योजना के तहत अब तक 51.08 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है. राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जा रही है. इससे योजना में बिचौलियों की भूमिका खत्म करने और भुगतान प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने पर जोर दिया गया है.
नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को मिलेगा आर्थिक सहारा
जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र के सहायक प्रबंधक चंदन चौहान ने बताया कि योजना का उद्देश्य 20 से 25 वर्ष की आयु के उन बेरोजगार युवाओं को आर्थिक सहायता देना है, जो 12वीं के बाद नौकरी की तलाश कर रहे हैं.
मिलने वाली सहायता से युवा प्रतियोगी परीक्षाओं के आवेदन, इंटरव्यू के लिए यात्रा और नौकरी तलाशने से जुड़े अन्य जरूरी खर्च पूरे कर सकते हैं.
दो साल तक हर महीने मिलेंगे 1,000 रुपये
योजना के तहत पात्र युवाओं को अधिकतम 24 महीने यानी दो वर्ष तक प्रति माह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. इससे बेरोजगार युवाओं को नौकरी या करियर का बेहतर अवसर तलाशने के दौरान आर्थिक मदद मिलती है.
जानें कौन ले सकता है योजना का लाभ
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए और न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास होना जरूरी है. आवेदक किसी रोजगार में नहीं होना चाहिए और न ही उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहा होना चाहिए.
यह भी पढ़ें: किसान की जान लेने वाला बाघ अब भी पकड़ से दूर, रिहायशी इलाकों में दहशत का साया
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
