देश की आजादी के 75 साल पूरे होने के अवसर पर केंद्रीय मंत्रियों सहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शनिवार से शुरू हुए तीन दिवसीय हर घर तिरंगा अभियान में शामिल हुए. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने अपने-अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कीं.
गृह मंत्री अमित शाह | twitter
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के तहत भाजपा ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस की पूर्व संध्या पर यहां अपने कार्यालय में एक प्रदर्शनी भी लगाई. केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव स्वतंत्रता सेनानी चित्तू पांडेय को श्रद्धांजलि देने उत्तर प्रदेश के बलिया पहुंचे.
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा | twitter
पार्टी के नेता विभिन्न स्थानों पर 'प्रभात फेरी' और तिरंगा रैली में शामिल हुए. भाजपा महासचिव (संगठन) बी. एल. संतोष ने हिमाचल प्रदेश के ऊना में 'प्रभात फेरी' में हिस्सा लिया. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जोधपुर में दुर्गादास राठौर की प्रतिमा का अनावरण किया.
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव | twitter
शाह ने एक ट्वीट में कहा, तिरंगा हमारा गौरव है. यह हर भारतीय को एकजुटता के लिए प्रेरित करता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'हर घर तिरंगा' के आह्वान पर आज नयी दिल्ली स्थित अपने आवास पर तिरंगा फहराया और मातृभूमि के लिए हर चीज़ का बलिदान करने वाले हमारे वीर नायकों को श्रद्धांजलि दी.
गृह मंत्री अमित शाह | twitter
इधर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी स्कूली बच्चों के साथ तिरंगा फहराया. वहीं, उन्होंने लोगों से 13-15 अगस्त के दौरान अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने और ''हर दिल में देशभक्ति की भावना जगाने के इस अभियान का हिस्सा बनने का आग्रह किया. उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर राष्ट्रीय ध्वज के साथ अपनी तस्वीर साझा करने की भी अपील की.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ | twitter