चंद्रयान-3 की सफलता को अभिनेता प्रकाश राज ने बताया ‘गर्व का क्षण’, लैंडिंग पर झूम उठा बॉलीवुड

सोशल मीडिया पर चंद्रयान-3 मिशन के बारे में टिप्पणी को लेकर आलोचना का सामना करने वाले अभिनेता प्रकाश राज ने बुधवार को चंद्रयान-3 की सफल 'लैंडिंग' के बाद इतिहास रचने के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) को बधाई देते हुए इसे गर्व का क्षण करार दिया.

By Aditya kumar | August 23, 2023 10:20 PM

Prakash Raj On Chandrayaan-3 : चंद्रयान-3 की सफलता के बाद दुनियाभर से भारत को बधाई मिल रही है. लेकिन, अगर आपको याद हो तो बीते कुछ दिनों पर चंद्रयान-3 से जुड़े एक पोस्ट पर साउथ फिल्मों के स्टार और बॉलीवुड के कई फिल्मों में बेहतरीन किरदार निभा चुके अभिनेता प्रकाश राज बुरी तरह ट्रोल हुए थे. उनके पोस्ट के बाद ट्विटर पर कई लोगों के द्वारा उन्हें बुरी तरह ट्रोल किया गया. अब सोशल मीडिया पर चंद्रयान-3 मिशन के बारे में टिप्पणी को लेकर आलोचना का सामना करने वाले अभिनेता प्रकाश राज ने बुधवार को चंद्रयान-3 की सफल ‘लैंडिंग’ के बाद इतिहास रचने के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) को बधाई देते हुए इसे गर्व का क्षण करार दिया.

‘सफल लैंडिंग मानव जाति के लिए उत्सव का एक क्षण’

बधाई देने के लिए अभिनेता प्रकाश राज को सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म ‘एक्स’ का सहारा लिया. प्रकाश राज ने ‘एक्स’ पर अपने ताजा पोस्ट में कहा कि चंद्रमा के अनछुए दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 की सफल ‘लैंडिंग’ मानव जाति के लिए उत्सव का एक क्षण है. प्रकाश राज ने कन्नड़ भाषा में की गई अपनी पोस्ट में कहा, ‘‘ भारत, मानव जाति के लिए यह गर्व का क्षण है. इसरो को धन्यवाद, चंद्रयान-3, विक्रम लैंडर……इसके अलावा उन सभी लोगों को विशेष रूप से धन्यवाद, जिन्होंने इसे संभव बनाया. आइए इसे दुनिया के और अधिक आश्चर्यों का पता लगाने का तरीका बनाएं. आइए, उत्सव मनाएं.’’

कार्टून साझा कर हुए थे ट्रोल

प्रकाश राज ने रविवार को एक कार्टून साझा किया था जिसमें एक व्यक्ति शर्ट और सरोंग (लुंगी के जैसा वस्त्र) पहने हुए है और एक बर्तन में चाय डाल रहा है. उन्होंने तस्वीर के साथ कन्नड़ में लिखा, ‘ ताजा खबर : चंद्रयान से पहली तस्वीर आई है# विक्रमलैंडर # बस पूछ रहा हूं’.’’ बीते दिनों किए गए एक पोस्ट के लिए सोमवार को आलोचना का सामना करना पड़ा था, जिसे कई लोगों ने भारत के चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-3’ के मखौल के तौर पर लिया. हालांकि, प्रकाश राज ने एक अन्य पोस्ट में आलोचकों का जवाब देते हुए कहा कि ‘‘नफरत केवल नफरत देखती है’ और वह एक पुराने परिहास का संदर्भ दे रहे थे.

लैंडर ‘विक्रम’ और रोवर ‘प्रज्ञान’ से लैस एलएम की साफ्ट लैंडिग

प्रकाश राज ने कार्टून में दिख रहे व्यक्ति के बारे में विशेष तौर पर कुछ नहीं लिखा था लेकिन सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने इसे भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के पूर्व प्रमुख के सिवन के मखौल के तौर पर लिया और अभिनेता को आड़े हाथ लिया. इसरो ने बुधवार को अंतरिक्ष क्षेत्र में एक नया इतिहास रचते हुए चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडर ‘विक्रम’ और रोवर ‘प्रज्ञान’ से लैस एलएम की साफ्ट लैंडिग कराने में सफलता हासिल की. भारतीय समयानुसार शाम करीब छह बजकर चार मिनट पर इसने चांद की सतह को छुआ.

‘हिंदुस्तान जिंदाबाद था और रहेगा’, सनी देओल ने लिखा

वहीं, चंद्रयान-3 की सफलता पर बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार ने ट्विटर पर लिखा, “लाखों दिल ISRO का शुक्रिया अदा कर रहे हैं. आपने हमें बहुत गौरवान्वित कर दिया है. किस्मतवाला हूं जो भारत को इतिहास रचते देख पाया हूं.” सनी देओल ने चंद्रयान की सफल लैंडिंग पर लिखा, “कितना गौरवशाली पल है. हिंदुस्तान जिंदाबाद था और रहेगा. बधाई हो इसरो. चांद पर चंद्रयान 3 की सफल और सॉफ्ट लैंडिंग. भारत के अंतरिक्ष में खोज के इतिहास में एक बहुत महत्वपूर्ण उपलब्धि.” कार्तिक आर्यन ने इस बारे में ट्वीट किया, “भारत चांद पर पहुंच गया है. कितना ऐतिहासिक पल है.”

Next Article

Exit mobile version