मुरली देवड़ा : हर दल में थे दोस्त, सबसे लंबे समय तक रहे थे पेट्रोलियम मंत्री

मुंबई : महाराष्ट्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेता, मुरली देवडा गांधी परिवार के विश्वासपात्र रहे लेकिन उनके मित्र सभी राजनीतिक दलों और कार्पोरेट जगत में थे. भारत के सबसे अधिक समय तक पेट्रोलियम मंत्री रहने वाले 77 वर्षीय देवडा ने मंत्रलय में अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा किया जो जनवरी 2006 से शुरु हुआ था […]

By Prabhat Khabar Digital Desk | November 24, 2014 12:53 PM
मुंबई : महाराष्ट्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेता, मुरली देवडा गांधी परिवार के विश्वासपात्र रहे लेकिन उनके मित्र सभी राजनीतिक दलों और कार्पोरेट जगत में थे. भारत के सबसे अधिक समय तक पेट्रोलियम मंत्री रहने वाले 77 वर्षीय देवडा ने मंत्रलय में अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा किया जो जनवरी 2006 से शुरु हुआ था और यह संप्रग-1 और संप्रग-2 के कार्यकाल में बंटा हुआ था.
अपने चार दशक के राजनीतिक जीवन में वह सबसे अधिक समय, 22 साल तक मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस समिति के प्रमुख रहे. प्रधानमंत्री राजीव गांधी के बेहद करीबी रहे देवडा पार्टी के लिए धन जुटाने वालों में प्रमुख रहे जिनके भारत के सबसे विख्यात उद्योगपतियों से व्यक्तिगत संबंध थे.
उन्हें अपनी वफादारी का पुरस्कार मिला जब प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के पहले कार्यकाल के दौरान जनवरी 2006 में मणिशंकर अय्यर की जगह उन्हें पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री बनाया गया. देवडा को शीत-युद्ध के दौरान अमेरिका समर्थक माना जाता था जबकि उस समय भारत का पूर्व सोवियत संघ के साथ गहरा संबंध था. उन्होंने 1980 के दशक के दौरान कई अमेरिकी नेताओं की मेजबानी की.
वह उद्योगपति धीरुभाई अंबानी के करीबी पारिवारिक मित्र थे. धीरुभाई अंबानी के के बेटे-मुकेश और अनिल अंबानी – उन्‍हें अंकल कहते थे. उन्हें सबसे अधिक अंबानी बंधुओं के बीच बंगाल की खाडी में स्थित कृष्णा गोदावरी बेसिन से प्राकृतिक गैस पर विवाद के केंद्र में होने के लिए याद किया जाएगा.
अनिल अंबानी समूह ने उन पर गैस मूल्य निर्धारण तथा आवंटन के संबंध में मुकेश अंबानी के रिलायंस इंडस्टरीज की मदद करने का आरोप लगाया और अखबारों में एक अप्रत्याशित अभियान चलाया जबकि देवडा ने ही केजी बेसिन क्षेत्र में हुए खर्च के कैग द्वारा लेखापरीक्षण का आदेश दिया जो किसी सरकारी लेखा परीक्षक द्वारा निजी कंपनी की खातों की जांच का पहला मामला था.

Next Article

Exit mobile version