24.1 C
Ranchi

BREAKING NEWS

Advertisement

इंतजार खत्म! पीएम मोदी कल 12:30 बजे रांची-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस को दिखाएंगे हरी झंडी

रांची से कोलकाता और कोलकाता से रांची की रेल यात्रा करने वालों के लिए खुशखबरी है. वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की शुरुआत होने जा रही है. पीएम नरेंद्र मोदी इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. कल ट्रेन 12 बजकर 30 मिनट पर रांची स्टेशन से रवाना होगी. आठ बोगी वाली यह ट्रेन सात घंटे में यात्रा पूरी करेगी.

झारखंड से पश्चिम बंगाल जाने वाले रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी. अब उनकी यात्रा और आरामदेह होने वाली है. शताब्दी एक्सप्रेस के बाद अब देश की सबसे अत्याधुनिक और सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात मिलने जा रही है. यह ट्रेन झारखंड की राजधानी रांची को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से जोड़ेगी. हालांकि, यह ट्रेन रांची से हावड़ा तक चलेगी. बेहद आरामदेह इस ट्रेन में आठ कोच होंगे. ट्रेन सात घंटे में रांची से हावड़ा की दूरी तय करेगी. दक्षिण पूर्व रेलवे रांची मंडल की ओर से यह जानकारी दी गई है. इसके मुताबिक, ट्रेन संख्या 02098 रांची-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन रविवार (24 सितंबर 2023) को रांची से उद्घाटन के बाद प्रस्थान करेगी. वंदे भारत स्पेशल के रूप में यह ट्रेन हावड़ा तक चलेगी. रविवार को उद्घाटन स्पेशल ट्रेन दिन में 12:30 बजे रांची से खुलेगी. 13:39 बजे मुरी पहुंचेगी और यहां से 13:40 बजे प्रस्थान करेगी. 14:10 बजे कोटशिला पहुंचने के एक मिनट बाद 14:11 बजे यहां से प्रस्थान करेगी. पुरुलिया में इस ट्रेन का आगमन 15:23 बजे होगा. फिर 15:24 बजे पुरुलिया से चलकर 16:00 बजे बराभूम पहुंचेगी. 16:01 बजे बराभूम से चलेगी और 16:30 बजे चांडिल पहुंचेगी. 16:31 बजे चांडिल से प्रस्थान करने के बाद रांची-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन 17:30 बजे टाटानगर पहुंचेगी. यहां से 17:35 बजे प्रस्थान करेगी और 18:19 बजे घाटशिला पहुंचा देगी. 18:20 बजे घाटशिला से चलकर 19:04 बजे झारग्राम पहुंचेगी. झारग्राम से 19:05 बजे खुलेगी और 20:00 बजे खड़गपुर पहुंचा देगी. 20:01 बजे खड़गपुर से चलकर 22:00 बजे हावड़ा जंक्शन पहुंच जाएगी.

27 सितंबर से शुरू होगा नियमित परिचालन

रांची-हावड़ा-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का 27 सितंबर 2023 से नियमित परिचालन शुरू होगा. 20898 रांची-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन सप्ताह में छह दिन (मंगलवार छोड़कर) रांची से प्रस्थान करेगी. यह ट्रेन सात घंटे में रांची से हावड़ा की यात्रा तय करेगी. इन ट्रेनों में वातानुकूलित चेयर कार के सात कोच एवं वातानुकूलित एग्जीक्यूटिव चेयर कार का एक कोच समेत कुल आठ कोच होंगे. पश्चिम बंगाल के लिए यह चौथा वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन होगा, जबकि झारखंड के लिए दूसरा. इसके पहले पटना से रांची के बीच एक वंदे भारत एक्सप्रेस चल रही है.

रांची से हावड़ा के लिए इतना होगा किराया

रांची से हावड़ा के लिए वंदे भारत का किराया एग्जीक्यूटिव क्लास में 2200 रुपए (कैटरिंग चार्ज के साथ) और बिना कैटरिंग चार्ज के 2045 रुपए है. वहीं, कैटरिंग चार्ज के साथ चेयर कार में रांची से हावड़ा का किराया 1155 रुपए और बिना कैटरिंग के 1030 रुपए है.

झारखंड को बंगाल से सीधे जोड़ने वाली पहली वंदे भारत एक्सप्रेस

झारखंड को पश्चिम बंगाल से सीधे जोड़ने वाली यह पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन है. पश्चिम बंगाल को इसके पहले तीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात मिल चुकी है. पहली वंदे भारत हावड़ा से न्यू जलपाईगुड़ी के लिए चली थी. इसके बाद हावड़ा से पुरी और न्यू जलपाईगुड़ी और न्यू जलपाईगुड़ी से गुवाहाटी के बीच यह सेमी हाई स्पीड ट्रेन चली थी. तीन वंदे भारत एक्सप्रेस के सफल संचालन के बाद अब हावड़ा से रांची और हावड़ा से पटना के बीच क्रमश: चौथी और पांचवीं सेमी हाई स्पीड ट्रेन चलने जा रही है.

रांची से खुलने के बाद इन स्टेशनों पर रुकेगी वंदे भारत

रांची से वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन सुबह 5 बजकर 15 मिनट पर खुलेगी. ट्रेन एक घंटे बाद यानी 6:15 बजे मुरी स्टेशन पहुंचेगी. यहां से 6 बजकर 17 मिनट पर रवाना होगी और 6 बजकर 39 मिनट पर कोटशिला पहुंचेगी. 6:40 बजे यहां से खुलेगी और 7:15 बजे पुरुलिया पहुंच जाएगी. पुरुलिया में दो मिनट के स्टॉपेज के बाद ट्रेन 7:17 बजे खुलेगी और 7:56 बजे चांडिल पहुंचा देगी. यहां से 5:57 बजे चलकर 8:40 बजे जमशेदपुर (टाटानगर) पहुंचा देगी. टाटा से 8:45 बजे यह ट्रेन खुलेगी और 10:30 बजे खड़गपुर पहुंच जाएगी. यहां दो मिनट रुकने के बाद 10:32 बजे खुलेगी और 12:20 बजे हावड़ा स्टेशन पहुंचा देगी.

हावड़ा से खुलने के बाद इन स्टेशनों पर रुकेगी वंदे भारत

हावड़ा से रांची के लिए चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन दोपहर में 3:45 बजे खुलेगी और 5:18 बजे खड़गपुर स्टेशन पहुंच जाएगी. यहां दो मिनट रुकने के बाद वंदे भारत 17:20 बजे खुलेगी और शाम 7:05 बजे टाटानगर स्टेशन पहुंचेगी. टाटानगर में पांच मिनट का स्टॉपेज होगा. 7:10 बजे यहां से चलेगी और 7:54 बजे चांडिल पहुंचेगी. यहां एक मिनट रुकने के बाद 7:55 बजे रवाना होगी और 8:33 बजे पुरुलिया स्टेशन पर रुकेगी. यहां दो मिनट का स्टॉपेज होगा. ट्रेन 8:35 बजे खुलेगी और 9:14 बजे कोटशिला पहुंचा देगी. यहां एक मिनट रुकने के बाद 9:15 बजे रवाना होगी और 9:38 बजे मुरी स्टेशन पहुंच जाएगी. यहां से दो मिनट बाद यानी 9:40 बजे खुलेगी और रात के 10:50 बजे रांची पहुंचा देगी.

Also Read: झारखंड को मिली वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात, पीएम मोदी ने ऑनलाइन दिखायी हरी झंडी, रांची से पटना हुई रवाना
Also Read: केवल 4 घंटे में रांची से पटना, जानें कब से चलेगी झारखंड और बिहार के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस
Also Read: वंदे भारत एक्सप्रेस: अब लंबे रूट पर दौड़ेगी स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस, झारखंड को भी मिलेगी सौगात

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Advertisement

अन्य खबरें