‘द अभिषेक शर्मा शो’, 135 रन की विराट पारी में ध्वस्त हो गए दिग्गजों के कीर्तिमान, देखें पूरी लिस्ट
IND vs ENG: अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) ने इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टी20 मैच में रिकॉर्ड शतक लगाया. मुंबई में खेली गई इस पारी में उन्होंने चार रिकॉर्डों को ध्वस्त कर दिया.
IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज में मुंबई में खेले गए आखिरी टी20 मैच में अभिषेक शर्मा का तूफान आया, जिसमें अंग्रेज गेंदबाज बह गए. अभिषेक ने केवल 54 गेंदों पर 135 रन बनाकर बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज ने इंग्लिश गेंदबाजों की बखिया उधेड़ दी. उन्होंने अपनी इस पारी के दौरान कई दिग्गजों के कीर्तिमान ध्वस्त कर दिए. उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने टी20 में अपना चौथा सबसे बड़ा स्कोर (247/9) बना दिया. इस बड़े स्कोर के सामने इंग्लिश बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए और 10.3 ओवर में केवल 97 रन पर ऑलआउट हो गए.
अगर अभिषेक की पारी से टूटे रिकॉर्डों की बात करें तो उन्होंने कुल चार कीर्तिमान अपने नाम किए. देखें पूरी लिस्ट-
1. अभिषेक शर्मा ने टी20I में भारत के लिए जड़ा दूसरा सबसे तेज शतक
टी20 इंटरनेशनल में फुल मेंबर टीमों के बीच सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में अभिषेक शर्मा ने तीसरा स्थान हासिल कर लिया है. साउथ अफ्रीका के डेविड मिलर ने 2017 में बांग्लादेश के खिलाफ केवल 35 गेंदों में शतक जड़ा था, जो अब तक का सबसे तेज टी20 शतक है. इसके बाद भारत के रोहित शर्मा का नाम आता है, जिन्होंने उसी साल श्रीलंका के खिलाफ 35 गेंदों में ही शतक पूरा किया था.
अब अभिषेक शर्मा ने 37 गेंदों में शानदार शतक लगाकर तीसरे स्थान पर कब्जा कर लिया है. इस पारी के दौरान उन्होंने वेस्टइंडीज के जॉनसन चार्ल्स का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2023 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 39 गेंदों में शतक बनाया था. इसी के साथ, अभिषेक भारत के लिए सबसे तेज टी20 शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं.
टी20 इंटरनेशनल में फुल मेंबर टीमों के बीच सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज
रैंक | बल्लेबाज | टीम | गेंद | विरोधी टीम | वर्ष |
1 | डेविड मिलर | साउथ अफ्रीका | 35 | बांग्लादेश | 2017 |
2 | रोहित शर्मा | भारत | 35 | श्रीलंका | 2017 |
3 | अभिषेक शर्मा | भारत | 37 | इंग्लैंड | 2025 |
4 | जॉनसन चार्ल्स | वेस्टइंडीज | 39 | साउथ अफ्रीका | 2023 |
2. टी20I में भारत के लिए एक मैच में सबसे ज्यादा छक्के
अभिषेक शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में खेली गई अपनी धमाकेदार शतकीय पारी के दौरान 13 छक्के लगाए, जिससे वे टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए एक पारी में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं.उन्होंने इस मामले में रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ खेली गई शतकीय पारी के दौरान 10 छक्के लगाए थे.
अभिषेक ने न सिर्फ रोहित का रिकॉर्ड ध्वस्त किया, बल्कि अच्छे खासे अंतर से उनसे आगे निकल गए. इसके अलावा, संजू सैमसन और तिलक वर्मा भी अब इस लिस्ट में अभिषेक के पीछे हो गए हैं, जिन्होंने एक पारी में 10-10 छक्के लगाए थे.
टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के लिए सर्वाधिक छक्के (एक पारी में)
रैंक | खिलाड़ी | छक्के | मुकाबला | स्थान | वर्ष |
1 | अभिषेक शर्मा | 13 | बनाम इंग्लैंड | वानखेड़े | 2025 |
2 | रोहित शर्मा | 10 | बनाम श्रीलंका | इंदौर | 2017 |
3 | संजू सैमसन | 10 | बनाम साउथ अफ्रीका | डरबन | 2024 |
4 | तिलक वर्मा | 10 | बनाम साउथ अफ्रीका | जोहांसबर्ग | 2024 |
3. टी20I में भारत के लिए सबसे बड़ी पारी
अभिषेक शर्मा ने टी20 इंटरनेशनल में भारत की ओर से सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. उन्होंने वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई में इंग्लैंड के खिलाफ 135 रनों की विस्फोटक पारी खेली. इससे पहले यह रिकॉर्ड शुभमन गिल के नाम था, जिन्होंने 2023 में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ नाबाद 126 रन बनाए थे.
अभिषेक ने यह कारनामा शुभमन से भी तेज गति से किया, जहां गिल ने 126 रन के लिए 63 गेंदों का सामना किया था, वहीं अभिषेक ने केवल 54 गेंदों में 135 रन ठोक दिए. इस सूची में तीसरे स्थान पर रुतुराज गायकवाड़ हैं, जिन्होंने 2023 में नाबाद 123 रन बनाए थे, जबकि विराट कोहली 2024 में बेंगलुरु में 121* रन की पारी के साथ चौथे स्थान पर हैं.
टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के लिए सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर
रैंक | खिलाड़ी | स्कोर | बनाम | स्थान | वर्ष |
1 | अभिषेक शर्मा | 135 | इंग्लैंड | वानखेड़े | 2025 |
2 | शुभमन गिल | 126* | न्यूजीलैंड | अहमदाबाद | 2023 |
3 | रुतुराज गायकवाड़ | 123* | ऑस्ट्रेलिया | गुवाहाटी | 2023 |
4 | विराट कोहली | 122* | अफग़ानिस्तान | दुबई | 2022 |
5 | रोहित शर्मा | 121* | अफग़ानिस्तान | बेंगलुरु | 2024 |
4. टी20I में भारत के लिए सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज
भारत के लिए सबसे तेज टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड युवराज सिंह के नाम है, जिन्होंने 2007 में डरबन में इंग्लैंड के खिलाफ केवल 12 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया था. अब दूसरे स्थान पर अभिषेक शर्मा आ गए हैं, उन्होंने 2025 में वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ 17 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की. तीसरे स्थान पर केएल राहुल हैं, जिन्होंने 2021 में दुबई में स्कॉटलैंड के खिलाफ 18 गेंदों में अर्धशतक लगाया था. वहीं, इसी सूची में चौथे स्थान पर सूर्यकुमार यादव हैं, जिन्होंने 2022 में गुवाहाटी में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 18 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया था.
भारत के लिए सबसे तेज टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक (गेंदों के हिसाब से)
रैंक | खिलाड़ी | गेंद | बनाम | स्थान | वर्ष |
1 | युवराज सिंह | 12 | इंग्लैंड | डरबन | 2007 |
2 | अभिषेक शर्मा | 17 | इंग्लैंड | वानखेड़े | 2025 |
3 | केएल राहुल | 18 | स्कॉटलैंड | दुबई | 2021 |
4 | सूर्यकुमार यादव | 18 | दक्षिण अफ्रीका | गुवाहाटी | 2022 |