झारखंड विधानसभा चुनाव : तीन पूर्व मुख्यमंत्री को मिल रही कड़ी टक्कर, एक की हार

रांची : झारखंड विधानसभा चुनाव में इस बार मुख्यमंत्रियों को अपने प्रतिद्वंद्वियों से कड़ी चुनौती मिली है. पूर्व मुख्यमंत्री अजरुन मुंडा, बाबूलाल मरांडी व निवर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्र में कड़ी चुनौती मिल रही है. वहीं, कोल्हान क्षेत्र के मंझगांव विधानसभा क्षेत्र से एक पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा भाजपा उम्मीदवार से चुनाव […]

By Prabhat Khabar Digital Desk | December 23, 2014 11:54 AM
रांची : झारखंड विधानसभा चुनाव में इस बार मुख्यमंत्रियों को अपने प्रतिद्वंद्वियों से कड़ी चुनौती मिली है. पूर्व मुख्यमंत्री अजरुन मुंडा, बाबूलाल मरांडी व निवर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्र में कड़ी चुनौती मिल रही है. वहीं, कोल्हान क्षेत्र के मंझगांव विधानसभा क्षेत्र से एक पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा भाजपा उम्मीदवार से चुनाव हार गये हैं.
वहीं, दुमका में हेमंत सोरेन भाजपा उम्मीदवार लुईस मरांडी से आठ हजार वोटों से पीछे चल रहे हैं. जबकि अजरुन मुंडा को खरसावां में अपने प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार से कांटे की टक्कर मिल रही है. वे कभी हजार-डेढ़ हजार वोट से आगे तो कभी पीछे हो जाते हैं. हालांकि भाजपा नेता रघुवर दास ने अंतिम चरण का चुनाव परिणाम आने पर अजरुन मुंडा जीतने का दावा किया है.
उधर, राज्य के पहले मुख्यमंत्री व झाविमो प्रमुख बाबूलाल मरांडी को भी गिरिडीह में अपने प्रतिद्वंद्वी भाजपा उम्मीदवार निर्भय शाहाबादी से कड़ी टक्कर मिल रहा है. उधर, राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री व आजसू प्रमुख सुदेश महतो भी हार का मुंह देखने के करीब हैं.
इस बार के चुनाव परिणाम में पूर्व मुख्यमंत्रियों व उप मुख्यमंत्रियों को छोड़ दूसरे दिग्गज नेताओं की बात करें तो उन्हें अपने-अपने क्षेत्र में कड़ी चुनौती मिल रही है. कड़े चुनावी टक्कर की संभावनाओं के कारण ही हेमंत सोरेन व बाबूलाल मरांडी दो-दो जगह से चुनाव मैदान में थे. सोरेन दुमका व बरहेट से, जबकि मरांडी गिरिडीह व धनवार से चुनाव मैदान में कूदे.

Next Article

Exit mobile version