लखीसराय के अलीनगर में विवाहिता की हत्या कर घर में दफनाया शव, पति गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन
रोते-बिलखते परिजन.

रोते-बिलखते परिजन.

Lakhisarai Crime News : लखीसराय जिले के अलीनगर गांव में एक विवाहिता की उसके ही पति ने नशे की हालत में हत्या कर दी. शक होने पर ग्रामीणों ने शव को घर के अंदर मिट्टी में दबा पाया. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है.

विज्ञापन

सूर्यगढ़ा (लखीसराय) से राजेश कुमार गुप्ता की रिपोर्ट

Lakhisarai Crime News : लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के अलीनगर गांव में एक विवाहिता की हत्या कर शव को घर के अंदर मिट्टी में दबाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने ग्रामीणों की सूचना पर शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले में मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुट गई है.

घर के अंदर दफन मिला विवाहिता का शव

जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान अलीनगर बिंद टोली निवासी 35 वर्षीय सहोदरी देवी, पत्नी नाको बिंद के रूप में हुई है. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक घटना बुधवार दोपहर की बताई जा रही है. आरोप है कि पति ने नशे की हालत में पत्नी पर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई. इसके बाद शव को घर के कमरे में मिट्टी के नीचे दबाने का प्रयास किया गया.

ग्रामीणों को शक हुआ तो खुला राज

बताया गया कि रात करीब 10 बजे तक सहोदरी देवी के नहीं दिखने पर ग्रामीणों को संदेह हुआ. मृतका बकरी पालती थी और रात होने के बाद भी उसकी बकरियां लगातार मिमिया रही थीं. जब ग्रामीणों ने पति नाको बिंद से पूछताछ की तो वह नशे की हालत में अलग-अलग बातें करने लगा.

शक गहराने पर ग्रामीणों ने दबाव बनाया. इसी दौरान आरोपी घर में ताला लगाकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया. घर का ताला खोलकर जांच करने पर कमरे में मिट्टी के नीचे दबा शव मिला. शव का एक पैर मिट्टी से बाहर दिखाई देने के कारण घटना का खुलासा हुआ.

मायके वालों और पुलिस को दी गई सूचना

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने मृतका के मायके पक्ष और स्थानीय पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लखीसराय सदर अस्पताल भेज दिया.

मृतका के परिजन भी अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था.

पति गिरफ्तार, कई बिंदुओं पर जांच जारी

एएसआई पंकज कुमार ने बताया कि आरोपी पति नाको बिंद को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस के अनुसार वह नशे की हालत में पाया गया. पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

संतान नहीं होने को लेकर होता था विवाद

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दंपति की कोई संतान नहीं थी. इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती रहती थी. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हत्या के पीछे यही कारण था या कोई अन्य वजह भी शामिल है.

Also Read: भागलपुर में चौंकाने वाली खोज, सैंडिस कंपाउंड के जिस पत्थर पर लोग बैठते थे वह निकला दुर्लभ ट्री फॉसिल

Also Read: 21 साल से वही स्वाद… मुजफ्फरपुर के इस समोसे के लिए आज भी दूर-दूर से पहुंचते हैं लोग



विज्ञापन
अमित कुमार सिन्हा

लेखक के बारे में

By अमित कुमार सिन्हा

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन