गायघाट से कंगन घाट फेरी सेवा शुरू

पटना सिटी : गुरु महाराज के शुकराना समारोह के मौके पर गुरुनगरी आने वाली संगतों के लिए गायघाट से कंगन घाट के बीच जहाज की फेरी सेवा शुक्रवार से आरंभ कर दी गयी. शुक्रवार की सुबह जिलाधिकारी संजय कुमार अग्रवाल, गुरुपर्व कमेटी के चेयरमैन व पूर्व मुख्य सचिव जीएस कंग ने कंगन घाट पर आयोजित […]

By Prabhat Khabar Digital Desk | December 23, 2017 7:34 AM
पटना सिटी : गुरु महाराज के शुकराना समारोह के मौके पर गुरुनगरी आने वाली संगतों के लिए गायघाट से कंगन घाट के बीच जहाज की फेरी सेवा शुक्रवार से आरंभ कर दी गयी. शुक्रवार की सुबह जिलाधिकारी संजय कुमार अग्रवाल, गुरुपर्व कमेटी के चेयरमैन व पूर्व मुख्य सचिव जीएस कंग ने कंगन घाट पर आयोजित कार्यक्रम में फेरी सेवा शुरू की.
कार्यक्रम में बर्मिंघम से आये बाबा मोहिंदर सिंह व बाबा इंद्रजीत सिंह समेत अन्य उपस्थित थे. इसके लिए भारतीय अंतरदेर्शीय जलमार्ग प्राधिकरण से कंगन घाट पर अस्थायी जेटी बनायी है. तीन जहाज गायघाट स्थित जेटी से लेकर कंगन घाट के बीच फेरी लगायेंगे. एक जहाज में 250 संगत के बैठने की व्यवस्था होगी. सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक यह जहाज फेरी लगायेगी. जिलाधिकारी संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि प्रकाश पर्व के दरम्यान गंगा में नाव का परिचालन व गंगा में स्नान बंद कर दिया गया है.
डबल डेकर बस से भ्रमण करेंगे बिहार म्यूजियम
पटना. देश-विदेश से प्रकाश पर्व में आने वाले सिख तीर्थ यात्रियों को पर्यटन निगम डबल डेकर बस से बिहार म्यूजियम का भ्रमण करायेगा. इसका संचालन बाईपास टेंट सिटी से शनिवार से किया जायेगा. इस बात की जानकारी बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक इनायत खान ने शुक्रवार को दी. उन्होंने बताया कि 23 दिसंबर से 25 दिसंबर तक बाईपास टेंट सिटी से प्रतिदिन चार बार डबल डेकर बसें खुलेंगी, जो टेंट सिटी से होकर बिहार म्यूजियम पहुंचेगीं और भ्रमण करा वापस टेंट सिटी लौटेंगी.
होगा सीधा प्रसारण
पटना सिटी. शुकराना समारोह का सीधा प्रसारण होगा. प्रशासन ने इसकी व्यवस्था कर ली है. उक्त बातें शुक्रवार को जिलाधिकारी संजय कुमार अग्रवाल व वरीय पुलिस अधीक्षक मनु महाराज ने संयुक्त तौर पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दी. प्रकाश पर्व में दस हजार पुलिसकर्मी, अग्निशमन व प्रशासन के कर्मियों को लगाया गया है. सहायता केंद्र बनाये गये हैं.

Next Article

Exit mobile version