नालंदा ज्ञान कुंभ के पोस्टर का एकेयू में हुआ लोकार्पण

आर्यभट ज्ञान विश्वविद्यालय में नालंदा विश्वविद्यालय नालंदा में होनेवाले ‘नालंदा ज्ञानकुंभ-2024’ आयोजन की तैयारी को लेकर रविवार को प्रबंधन समिति की बैठक हुई.

By Prabhat Khabar News Desk | October 7, 2024 12:29 AM

पटना. आर्यभट ज्ञान विश्वविद्यालय में नालंदा विश्वविद्यालय नालंदा में होनेवाले ‘नालंदा ज्ञानकुंभ-2024’ आयोजन की तैयारी को लेकर रविवार को प्रबंधन समिति की बैठक हुई. इसमें आयोजन से संबंधित सभी बिंदुओं पर विचार-विमर्श हुआ. इस अवसर पर ‘नालंदा ज्ञानकुंभ-2024’ के पोस्टर का लोकार्पण किया गया. बैठक में आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं नालंदा खुला विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो केसी सिन्हा ने कहा कि इस ज्ञान कुंभ का मुख्य उद्देश्य भारतीय ज्ञान परंपरा एवं भारतीय भाषा के माध्यम से ऐसे ज्ञान का आत्मसात करना है जिससे राष्ट्रीय शिक्षा नीति, 2020 की परिकल्पना साकार हो सके. आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो शरद कुमार यादव ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत एवं विकसित भारत 2047 को मूर्त स्वरूप प्रदान करने में नालंदा ज्ञान कुंभ महती भूमिका का निर्वाह करेगा. उन्होंने यह भी कहा कि नालंदा ज्ञान की प्राचीन धरती है, संपूर्ण राष्ट्र के विभिन्न विधाओं के मूर्धन्य विद्वान का आगमन बिहार के लिए शुभ संकेत है. बैठक में आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रसिद्ध गणितज्ञ एवं नालंदा खुला विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो केसी सिन्हा, आर्यभट ज्ञान विवि पटना के कुलपति प्रो शरद कुमार यादव, आयोजन के संयोजक एवं भारतीय भाषा मंच के राष्ट्रीय संयोजक डॉ राजेश्वर कुमार, पाटलिपुत्र विवि के सीनेट सदस्य अजय यादव, शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के अध्यक्ष प्रो अरुण कुमार सिंह, न्यास के प्रांत संयोजक डॉ संदीप सागर, प्रो नागेंद्र कुमार शर्मा, डॉ दयानंद मेहता, डॉ हरीश दास, गौरव पवार, रामविलास कुमार आदि सम्मिलित रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

Next Article

Exit mobile version