सासाराम: कोचस में दर्दनाक हादसा, ट्रक के नीचे दबकर 16 साल के किशोर की मौत, NH 319 पर 4 घंटे जाम

Author Ramesh Kumar|Edited by Raginisharma
Updated:
विज्ञापन
सीमेंट लदे ट्रक के चक्के से दबकर किशोर की मौत

घटनास्थल पर उमड़ी लोगों की भीड़ | Prabhat Khabar Network

रोहतास के कोचस में NH-319 पर ट्रक से कुचलकर 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई. हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने शव रखकर करीब 4 घंटे तक सड़क जाम कर दिया. जर्जर सड़क और अतिक्रमण को लेकर प्रशासन के खिलाफ लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया.

विज्ञापन

Sasaraam NH-319 Accident : रोहतास के कोचस थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. राष्ट्रीय राजमार्ग 319 पर महात्मा गांधी चौक के पास सीमेंट लदे ट्रक के नीचे दबकर 16 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान हरनाथपुर गांव निवासी स्वर्गीय रामानंद सिंह के पुत्र पंकज कुमार के रूप में हुई है. हादसे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने शव को सड़क पर रखकर करीब चार घंटे तक NH 319 को जाम कर दिया.

जानकारी के अनुसार पंकज कुमार रोज की तरह अपने एक साथी के साथ बाइक से दूध बेचने के लिए कोचस बाजार जा रहा था. जैसे ही वह महात्मा गांधी चौक के पास पहुंचा, वहां की जर्जर और उखड़ी सड़क के कारण बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और दाईं ओर पलट गई. इसी दौरान पास से गुजर रहा सीमेंट लदा ट्रक युवक के ऊपर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वहीं बाइक चला रहा दूसरा युवक किसी तरह बाल-बाल बच गया.

Saasaram News : हादसे के बाद भड़का गुस्सा, सड़क पर उतरे लोग

घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए. देखते ही देखते गुस्से में लोगों ने शव को राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. करीब चार घंटे तक सड़क पूरी तरह जाम रही, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई. लोग पुलिस और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे.

आक्रोशित लोगों का कहना था कि इलाके में लगातार हो रही घटनाओं के लिए प्रशासन की लापरवाही जिम्मेदार है. उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क के दोनों किनारों पर अतिक्रमण होने के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है, लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है.

Road Accident: अधिकारी मौके पर, फिर भी नहीं शांत हुआ आक्रोश

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ टू संजीव कुमार, थानाध्यक्ष नीतीश कुमार और अपर थानाध्यक्ष बबलू कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया. हालांकि, आक्रोशित भीड़ किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थी. लोग लगातार जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने की मांग करते रहे.

सासाराम की सभी खबरें पढ़ें

स्थिति को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन लंबे समय तक जाम और हंगामा जारी रहा. इससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

प्रशासन पर लापरवाही का आरोप

स्थानीय लोगों ने साफ तौर पर कहा कि नगर प्रशासन की अनदेखी के कारण ही इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही हैं. सड़क की खराब स्थिति, अतिक्रमण और ट्रैफिक व्यवस्था की कमी को हादसे का बड़ा कारण बताया जा रहा है. लोगों का कहना है कि अगर समय रहते व्यवस्था दुरुस्त की जाती तो इस तरह की दर्दनाक घटना से बचा जा सकता था.

कोचस का यह हादसा एक बार फिर प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल खड़े कर रहा है. एक मासूम की जान जाने के बाद भी अगर व्यवस्था नहीं सुधरी तो ऐसे हादसे आगे भी होते रहेंगे. अब देखना होगा कि प्रशासन इस घटना से क्या सबक लेता है और लोगों की सुरक्षा के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं.

Also Read: रोहतास में बिजली चोरी का खुलासा: छापेमारी में पकड़े गए 6 पर FIR, विभाग ने लगाया हजारों का जुर्माना


विज्ञापन
Ramesh Kumar

लेखक के बारे में

By Ramesh Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन