उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री संगठन मजबूत करने रांची पहुंचे

रांची: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 2014 के लोकसभा चुनावों के लिए झारखंड में समाजवादी पार्टी का संगठन मजबूत करने बुधवार को यहां पहुंचे और कल गुरुवार को वह प्रदेश पार्टी के कार्यकर्ताओं को मोरहाबादी मैदान में संबोधित करेंगे. अखिलेश यादव के विशेष सचिव पंधारी यादव ने बुधवार को बताया कि मुख्यमंत्री आज ही […]

By Prabhat Khabar Digital Desk | September 4, 2013 11:21 PM

रांची: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 2014 के लोकसभा चुनावों के लिए झारखंड में समाजवादी पार्टी का संगठन मजबूत करने बुधवार को यहां पहुंचे और कल गुरुवार को वह प्रदेश पार्टी के कार्यकर्ताओं को मोरहाबादी मैदान में संबोधित करेंगे.

अखिलेश यादव के विशेष सचिव पंधारी यादव ने बुधवार को बताया कि मुख्यमंत्री आज ही यहां पहुंचे और कल वह यहां मोरहाबादी मैदान में एक जनसभा को संबोधित करेंगे.इस बीच पार्टी के प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने लखनउ से फोन पर बताया कि अखिलेश यादव झारखंड में संगठन के विस्तार के लिए आये हैं और इसी सिलसिले में वह झारखंड के सपा कार्यकर्ताओं से कल मुलाकात करेंगे.

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का इस बीच बहुत व्यस्त कार्यक्रम चल रहा है और फिर 11 और 12 सितंबर को आगरा में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक है जिसके चलते वह बहुत व्यस्त हो जायेंगे. इन्हीं बातों को ध्यान में रखते हुए पांच सितंबर को झारखंड की राजधानी रांची में कार्यकर्ता सम्मेलन रखा गया है. यह सम्मेलन 2014 के लोकसभा चुनावों की तैयारी के मद्देनजर रखा गया है.

सपा के झारखंड प्रभारी काशीनाथ यादव ने बताया कि झारखंड के सपा कार्यकर्ताओं का प्रादेशिक सम्मेलन कल दिन में मोरहाबादी मैदान में रखा गया है जिसे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री संबोधित करेंगे.उन्होंने बताया कि इससे पूर्व बुधवार को अखिलेश रांची में एक निजी कार्यक्रम में शरीक हुए. वह गुरुवार शाम लखनउ लौट जायेंगे.

Next Article

Exit mobile version