25.1 C
Ranchi

BREAKING NEWS

Advertisement

Bokaro News: 13 वर्षीय तीरंदाज दीपक कर्मकार का निधन, शोक की लहर

Bokaro News: राष्ट्रीय तीरंदाज करण कर्मकार का पुत्र था दीपक, ब्लड कैंसर का पता चलने पर दो सप्ताह पहले शुरू हुआ था इलाज

Bokaro News: राष्ट्रीय तीरंदाज करण कर्मकार का पुत्र था दीपक, ब्लड कैंसर का पता चलने पर दो सप्ताह पहले शुरू हुआ था इलाज

कसमार, कसमार प्रखंड के चौड़ा गांव निवासी राष्ट्रीय तीरंदाज-सह-झारखंड राज्य तीरंदाजी प्रशिक्षक करण कुमार कर्मकार के बड़े पुत्र दीपक कर्मकार (13 वर्ष) का गुरुवार की सुबह टाटा कैंसर हॉस्पिटल, जमशेदपुर में निधन हो गया. दीपक खुद भी एक तीरंदाज था. राज्य स्तर की कई प्रतियोगिताओं में वह मेडल जीत चुका था. दो सप्ताह पहले अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे जमशेदपुर में भर्ती किया गया था. जांच के क्रम में ब्लड कैंसर बताया गया. एक सप्ताह तक इलाज के बाद उसकी मृत्यु हो गयी. गुरुवार की अपराह्न तीन बजे एम्बुलेंस से दीपक का शव गांव पहुंचते ही परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया. दीपक ने सितंबर 2023 को जमशेदपुर में आयोजित 15वीं राज्य तीरंदाजी चैंपियनशिप 2023 में तीन स्वर्ण पदक व 17 से 19 फरवरी को रांची के मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित सांसद खेल महोत्सव में तीरंदाजी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान के साथ स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रौशन किया था. इसके अलावा मई 2022 को आंध्रप्रदेश के राजमुंदरी में आयोजित राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप एवं जनवरी 2023 को आंध्रप्रदेश के विजयवाड़ा में आयोजित राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप में भी उसने तीरंदाजी में बेहतरीन प्रदर्शन कर कई मेडल जीते थे.

उभरता सितारा असमय चला गया : डॉ लंबोदर

गोमिया विधायक डॉ लंबोदर महतो ने शोक जताते हुए कहा कि देश ने एक प्रतिभाशाली तीरंदाज को खो दिया.दीपक एक उभरता हुआ तीरंदाज था. उनका असामयिक निधन अत्यंत पीड़ादायक है. ईश्वर परिवार को यह दु:ख सहने की शक्ति दे.

2020 में भी एक पुत्र की हो चुकी है मौत

अगस्त 2020 में भी करण कर्मकार के एक पुत्र की मौत हो गयी थी. दो जून को उसका जन्म हुआ था. डॉक्टरों ने बच्चे के दिल में छेद होने की बात कही थी. रांची के बालपन चिल्ड्रन नर्सिंग होम में भर्ती था. कुछ दिनों बाद उसके हार्ट की सर्जरी होने वाली थी. इसी बीच उसका निधन हो गया था.

निधन पर जताया शोक, दी श्रद्धांजलि

निधन हो गया खबर पाकर चौड़ा में लोगों का जमावड़ा लग गया. गोमिया विधायक डॉ लंबोदर महतो, जिला परिषद सदस्य अमरदीप महाराज, जेएलकेएम नेता गुणानंद महतो, आजसू नेता संतोष कुमार महतो, प्रखंड अध्यक्ष महेंद्रनाथ महतो, मुखिया प्रतिनिधि मनोज कुमार महतो, किरानी करमाली, मनोज करमाली, जीतू करमाली, मनीष जायसवाल, कुलदीप करमाली, जितेंद्र कुमार, जितेश भट्टाचार्य, शिशिर महतो, प्रकाश राम, डी सहेश्वरी, राजेश करमाली, मनीष सहार, संदीप महतो, विक्की राज करमाली, सूरज टुडू, समेत काफी संख्या में लोग पहुंचे तथा अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दी. इधर, कसमार प्रखंड प्रमुख नियोती कुमारी, गोमिया के जिप सदस्य अकाशलाल सिंह, पूर्व उपप्रमुख ज्योत्सना झा, तपन कुमार झा, पूर्व मुखिया रामसेवक जायसवाल, शिक्षक पंकज कुमार जायसवाल आदि ने भी गहरा शोक जताया है. इस दौरान चौड़ा स्थित अंतिम संस्कार स्थल में गोमिया विधायक डॉ लंबोदर महतो, जिप सदस्य अमरदीप महाराज समेत सैकड़ों लोगों ने दो मिनट मौन रहकर दीपक कर्मकार को श्रद्धांजलि अर्पित की.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Advertisement

अन्य खबरें

ऐप पर पढें