नगर निगम के पाप का खामियाजा भाजपा को भुगतना होगा : सांसद

सांसद पशुपति नाथ सिंह ने कहा है कि नगर निगम के पाप का खामियाजा भाजपा को भुगतना पड़ेगा. जनता पर बढ़ते टैक्स के बोझ का अपयश भाजपा को मिल रहा है. संगठन को इस मामले में चिंतन करने की जरूरत है. धनबाद : शनिवार को भाजपा जिला पदाधिकारियों एवं मंडल अध्यक्षों की जिला कार्यालय में […]

By Prabhat Khabar Digital Desk | May 22, 2016 8:39 AM
सांसद पशुपति नाथ सिंह ने कहा है कि नगर निगम के पाप का खामियाजा भाजपा को भुगतना पड़ेगा. जनता पर बढ़ते टैक्स के बोझ का अपयश भाजपा को मिल रहा है. संगठन को इस मामले में चिंतन करने की जरूरत है.
धनबाद : शनिवार को भाजपा जिला पदाधिकारियों एवं मंडल अध्यक्षों की जिला कार्यालय में हुई पहली बैठक को संबोधित करते हुए सांसद ने नगर निगम को निशाने पर लिया. कहा कि भले ही निगम में मेयर व कुछ पार्षद भाजपा के कार्यकर्ता हैं. लेकिन विकास व सफाई कार्यों में असफलता का ठीकरा भाजपा पर ही फूटेगा. जिलाध्यक्ष व संगठन के पदाधिकारी देखें कि कैसे भाजपा को इस अपयश से बचाया जा सकता है. जनता को बढ़ते टैक्स के बोझ से राहत दिलाने का प्रयास करें. उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार के कल्याणकारी कार्यों को आम जनता तक पहुंचाने की अपील की. कहा कि संगठन व कार्यकर्ताओं की बदौलत ही आज भाजपा देश के अधिकांश राज्यों में सत्तासीन है.
जनता की आवाज बनें कार्यकर्ता : राज
विधायक राज सिन्हा ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जनता की आवाज बनें. जनता से जुड़ कर ही पार्टी आज विश्व की सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में उभरी है. पार्टी पदाधिकारियों को जनता एवं सरकार के बीच सेतु के रूप में काम करने की अपील की. बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि अपने आचरण, व्यवहार से संगठन को आगे बढ़ायें.
बैठक का संचालन जिला महामंत्री संजय झा तथा धन्यवाद ज्ञापन राम प्रसाद महतो ने किया. बैठक में विष्णु त्रिपाठी, मिल्टन पार्थसारथी, मानस प्रसून, मोहन कुंभकार, सावित्री पासवान, कमला कुमारी, पिंटू अग्रवाल, स्वरूप भट्टाचार्य, रीता प्रसाद, दिलीप भारती, ललन मिश्र, डॉ सीपी सिंह, सुरेश महतो, राज कुमार मंडल, रति रंजन गिरि, कपूर रवानी, उमेश यादव, उपेंद्र कुमार सहित कई नेता मौजूद थे.

Next Article

Exit mobile version