Mission 2024: दिल्ली में मिले झारखंड के दो पूर्व सीएम, जानें 30 मिनट तक रघुवर दास-अर्जुन मुंडा ने क्या की बात

दिल्ली प्रवास के दौरान झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा से उनके आवास पर मुलाकात की. इस दौरान राज्य में पार्टी को मजबूत करने समेत कई अन्य मुद्दों पर चर्चा की गयी. बता दें कि पिछले दिनों राज्य के नये प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने रघुवर दास से मुलाकात की थी.

By Samir Ranjan | July 20, 2023 5:32 PM

Jharkhand News: झारखंड के दो पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और अर्जुन मुंडा की मुलाकात देश की राजधानी दिल्ली में हुई. दोनों पूर्व मुख्यमंत्रियों ने झारखंड की राजनीति और पार्टी को राज्य में मजबूत करने को लेकर आधे घंटे तक मंत्रणा की. बता दें कि वर्तमान में अर्जुन मुंडा केंद्रीय मंत्री हैं. इससे पहले रघुवर दास की पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में झारखंड के बीजेपी प्रदेश प्रभारी बाबूलाल मरांडी से भी मुलाकात हो चुकी है. इधर, दिल्ली में रघुवर दास और अर्जुन मुंडा की मुलाकात को लेकर राजनीतिक चर्चा भी होने लगी है.

दिल्ली में मिले रघुवर दास और अर्जुन मुंडा, आधा घंटा तक हुई चर्चा

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय मंत्री सह झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा से दिल्ली स्थित उनके आवास पर जाकर मुलाकात की. संभवत: यह पहला मौका है,जब दिल्ली प्रवास के दौरान जमशेदपुर में रहनेवाले झारखंड के दोनों वरीय नेता मिले. केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के आवास पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास पहली बार पहुंचे थे. दोनों नेताओं के बीच करीब आधे घंटे तक मुलाकात हुई.

दिल्ली में दो पूर्व मुख्यमंत्रियों का मिलना बना चर्चा

दोनों नेता जब मिल रहे थे तो उस वक्त वहां कोई नहीं था. दोनों के करीबियों ने इस मुलाकात को अनौपचारिक बताया. झारखंड की राजनीति को नजदीक से देखनेवालों की मानें, तो जमशेदपुर के दोनों वरीय नेताओं का दिल्ली में मिलना साधरण मुलाकात नहीं है. झारखंड में हालिया नेतृत्व बदलने के बाद इस मुलाकात के लोग अपने-अपने मायने निकाल रहे हैं.

Also Read: झारखंड में 22 लाख व पूर्वी सिंहभूम के 6 विधानसभा क्षेत्र में एक लाख से अधिक नये वोटर्स जुड़ेंगे : के रवि कुमार

दिल्ली प्रवास पर थे रघुवर दास

बता दें कि भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास पटना लाठीकांड मामले की रिपोर्ट पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को सौंपने के लिए दिल्ली गये थे. रांची रवाना होने से पहले उन्होंने केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा से उनके आवास में जाकर मुलाकात की. इस दौरान पार्टी को मजबूत करने समेत कई अन्य मुद्दों पर चर्चा की.

बाबूलाल मरांडी ने रघुवर दास से की थी मुलाकात

इधर, झारखंड के पहले मुख्यमंत्री और वर्तमान में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष नवनियुक्त होने पर बाबूलाल मरांडी ने पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास से उनके आवास पर जाकर भेंट किये थे. इस दौरान रघुवर दास ने बीजेपी के नये प्रदेश बाबूलाल मरांडी को बधाई देते हुए शुभकामनाएं दी थी. साथ ही आशा जतायी कि बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में पार्टी झारखंड में सफलता के नये आयाम स्थापित करेगी.

झारखंड के तीन बार मुख्यमंत्री रहे चुके हैं अर्जुन मुंडा

मालूम हो कि झारखंड मुक्ति मोर्चा से अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत करने वाले अर्जुन मुंडा वर्तमान में केंद्र में मंत्री हैं. वर्ष 1995 में झामुमो के टिकट पर खरसावां विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतकर पहली बार विधायक बने थे. इसके बाद अर्जुन मुंडा भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये. वर्ष 2000 और 2005 के चुनाव में खरसावां विधानसभा सीट से विजयी हुए. वर्ष 2000 में झारखंड अलग राज्य बनने के बाद पहले मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की सरकार में अर्जुन मुंडा समाज कल्याण मंत्री बनाये गये. लेकिन, वर्ष 2003 में बाबूलाल मरांडी के मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद 18 मार्च, 2003 को अर्जुन मुंडा को राज्य की बागडोर सौंपी गयी. वो दो मार्च, 2005 तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे. इसके बाद 12 मार्च, 2005 को दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बने. लेकिन, निर्दलीय से समर्थन नहीं जुटा पाने के कारण अर्जुन मुंडा को 14 मार्च, 2006 को इस्तीफा देना पड़ा. इसके बाद 11 सितंबर, 2010 को तीसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बने और आठ जनवरी, 2013 तक इस पद पर बने रहे. इस तरह से अर्जुन मुंडा झारखंड के तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं.

Also Read: झारखंड में विकास की नई रूपरेखा तय करेगा सस्टेनेबल जस्ट ट्रांजिशन, विजन डॉक्यूमेंट का हुआ विमोचन

जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र का पांच बार प्रतिनिधित्व कर चुके हैं रघुवर दास

तीन मई, 1955 को जन्में रघुवर दास झारखंड के छठे मुख्यमंत्री बने थे. वर्ष 1995 से 2019 तक जमशेपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र का पांच बार प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. झारखंड बीजेपी के दो बार प्रदेश अध्यक्ष रहे चुके रघुवर दास 28 दिसंबर, 2014 को राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपल ली थी. रघुवर दास राज्य के पहले मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने पांच साल के कार्यकाल पूरे किये हैं. झारखंड के मुख्यमंत्री के तौर पर इनका कार्यकाल 28 दिसंबर, 2014 से 29 दिसंबर, 2019 तक रहा. वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी सरयू राय से शिकस्त हुए. वर्तमान में बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं.

Next Article

Exit mobile version