30.1 C
Ranchi

BREAKING NEWS

Advertisement

पलामू जिले में धान की खरीदारी लक्ष्य से आधी भी नहीं

लक्ष्य था दो लाख क्विंटल, खरीदारी हुई मात्र 50 हजार क्विंटल धान की

मेदिनीनगर.

पलामू जिले में वित्तीय वर्ष 2023-24 में धान के उठाव का लक्ष्य दो लाख क्विंटल रखा गया था. खरीदारी के लिए अंतिम समय सीमा 30 अप्रैल थी. लेकिन अभी तक मात्र 25 पैक्स के 711 किसानों से 49,943.46 क्विंटल धान की खरीदारी हुई है. अन्य किसी भी पैक्स से धान के उठाव की रिपोर्ट प्राप्त नहीं है. जबकि जिले में 34 स्थानों से धान के उठाव के लिए केंद्र खोला गया है. धावाडीह पैक्स, लहरबंजारी पैक्स, पूर्णामंझिगांवां पैक्स, पूर्वडीहा पैक्स, सरईडीह पैक्स, सेलारी पैक्स, सतबरवा पैक्स, सिलदीलीया पैक्स व तेतराई पैक्स पर किसी किसान द्वारा धान नहीं बेचा गया है. पलामू में धान की खरीदारी जनवरी से ही शुरू हुई है. 30 अप्रैल तक खरीदारी करना था. किसान मुख्यमंत्री सुखाड़ राहत योजना में अपना रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं. उनसे धान की खरीदारी नहीं की गयी है. इससे पूर्व 2022-23 में 35 हजार क्विंटल धान की खरीदारी का लक्ष्य रखा गया था. जिसमें विभिन्न पैक्स के माध्यम से सिर्फ 17 हजार क्विंटल ही धान की खरीदारी की गयी थी. वित्तीय वर्ष 2021-22 में जिले में 8.50 लाख क्विंटल धान उठाव का लक्ष्य रखा गया था. जिसमें विभिन्न पैक्स के माध्यम से छह लाख 78 हजार 273 क्विंटल धान किसानों से खरीदा गया था. पलामू के किसान सुखाड़ का दंश झेल रहे हैं. इस वर्ष धान का उत्पादन बहुत कम हो पाया है.

क्या है पैक्सों में धान की खरीदारी की स्थिति

पांकी के अंबाबार पैक्स के 18 किसानों से 1248.40 क्विंटल, हरिहरगंज के अररूआ पैक्स के 43 किसानों से 4903.20 क्विंटल, पांकी के बलियारी पैक्स के पांच किसानों से 230.35 क्विंटल, विश्रामपुर पैक्स के 82 किसानों से 6836.05 क्विंटल, डंडिला पैक्स के एक किसान से 24 क्विंटल, हरिहरगंज के ढाबकला पैक्स के 22 किसानों से 1057.79 क्विंटल, पड़वा के गाड़ीखास पैक्स के छह किसानों से 258 क्विंटल, व्यापार मंडल हुसैनाबाद के 15 किसानों से 1015.60 क्विंटल, सदर प्रखंड के झाबर पैक्स के 29 किसानों से 1988 क्विंटल, नावाबाजार कंडा पैक्स के 32 किसानों से 1035.65 क्विंटल, हरिहरगंज खाप कटैया पैक्स के 50 किसानों से 4585.60 क्विंटल, पाटन के किशनपुर पैक्स के 10 किसानों से 552 क्विंटल, लेस्लीगंज कोटखास पैक्स के छह किसानों से 279 क्विंटल, कुटमू पैक्स के 27 किसानों से 1598.22 क्विंटल, लेस्लीगंज पैक्स के 11 किसानों से 438.93 क्विंटल, लोहरपूरवा बरेवा पैक्स के तीन किसानों से 204 क्विंटल, रामगढ़ के मायापुर हुटार फैक्स के 16 किसानों से 1149 क्विंटल, मोहम्मदगंज पैक्स के 12 किसानों से 476.50 क्विंटल, मुनकेरी पैक्स के 151 किसानों से 9985.20, सेमरी पैक्स के 44 किसानों से 2950 क्विंटल, सृष्टि पल सब्जी उत्पादक समिति के पांच किसानों से 315.40 क्विंटल, ताल पैक्स के 23 किसानों से 1314. 80 क्विंटल, पांडू के तीसीबार कला पैक्स के 36 किसानों से 2789.80 क्विंटल, छतरपुर उदयगढ़ पैक्स के 46 किसानों से 3410 क्विंटल व एग्रीफर्म प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के 18 किसानों से 1318 क्विंटल धान की खरीदारी की गयी है, जबकि 14,863 किसानों ने धान बिक्री के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है.

सुखाड़ के कारण कम धान की हुई खरीदारी

इस संबंध में जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रीति किस्कू ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा दो लाख क्विंटल धान खरीदारी का लक्ष्य दिया गया था. लेकिन पलामू में सुखाड़ के कारण इस बार धान की उपज कम हुई. इसलिए कम खरीदारी हुई है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Advertisement

अन्य खबरें

ऐप पर पढें