नगर विकास मंत्री ने नगर निगम और रांची एमएसडब्ल्यू को दिया आदेश, सफाई व्यवस्था से शहर के लाेग संतुष्ट हों, तभी वसूलें यूजर चार्ज

रांची: समारोह के दौरान रांची नगर निगम के अधिकारियों और पदाधिकारियों अलावा रांची एमएसडब्ल्यू के प्रतिनिधि भी मौजूद थे. नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने इन लोगों को संबोधित करते हुए कहा : ऐसा सुनने में आ रहा है कि रांची एमएसडब्ल्यू ने जबसे शहर में कचरा उठाने का काम शुरू किया है, तब से […]

By Prabhat Khabar Digital Desk | August 2, 2017 7:28 AM
रांची: समारोह के दौरान रांची नगर निगम के अधिकारियों और पदाधिकारियों अलावा रांची एमएसडब्ल्यू के प्रतिनिधि भी मौजूद थे. नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने इन लोगों को संबोधित करते हुए कहा : ऐसा सुनने में आ रहा है कि रांची एमएसडब्ल्यू ने जबसे शहर में कचरा उठाने का काम शुरू किया है, तब से लेकर अब तक का यूजर चार्ज लोगों से वसूलने की तैयारी कर रही है.

यह गलत है, क्योंकि कंपनी ने काम भले की अक्तूबर 2016 में काम शुरू किया हो, लेकिन शहरवासी अब तक उसके काम से संतुष्ट नहीं हैं. ऐसे में कंपनी या रांची नगर निगम लोगों से किसी भी प्रकार का यूजर चार्ज नहीं वसूलेंगे. मंत्री ने कहा : अक्सर देखने को मिलता है कि सफाई कर्मचारी सोमवार से शनिवार तक सफाई का काम करते हैं और रविवार को छुट्टी मनाते हैं. ऐसा नहीं होना चाहिए. रांची नगर निगम को रविवार को भी शहर की सड़कों और गलियों से कचरा उठवाने की व्यवस्था करनी चाहिए. नगर विकास मंत्री ने नये नगर आयुक्त शांतनु अग्रहरि की जमकर तारीफ की. कहा : नगर आयुक्त देर रात तक बैठक कर शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटे हुए हैं, जो सराहनीय है. राज्य के अन्य अधिकारियों को भी इसी लगन से काम करना चाहिए.

वार्डों का कचरा जमा होगा इस स्टेशन पर
नागाबाबा खटाल में बने नये कचरा ट्रांसफर स्टेशन से बुधवार को शहर के छह वार्डों में सफाई व्यवस्था शुरू कर दी जायेगी. यहां से वार्ड नंबर-20, 21, 22, 23, 25, 26, और 32 से उठाये गये कचरे को जमा किया जायेगा. उसके बाद कचरे को कॉम्पैक्टर में डालकर कचरे को झिरी में डंप किया जायेगा. रांची एमएसडब्ल्यू के जीएम अरुण सिंह ने बताया कि जल्द ही करबला चौक, खादगढ़ा मधुकम, एचइसी और आइटीआइ में बने कचरा ट्रांसफर स्टेशनों का भी उदघाटन किया जायेगा. एक माह में हम पूरे शहर में आधुनिक सफाई व्यवस्था बहाल कर देंगे.
कंपनी ने व्यवस्था नहीं सुधारी, तो लगेगा जुर्माना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेयर आशा लकड़ा ने कहा कि राजधानी के लोग रांची एमएसडब्ल्यू के काम से संतुष्ट नहीं है. इसमें सुधार लाना होगा. अब अगर गली-मोहल्लों में कचरा बिखरा पाया जाता है, तो निगम कंपनी पर जुर्माना लगायेगा.
शहरवासियों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरी कंपनी
डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय ने कहा कि रांची एमएसडब्ल्यू शहरवासियों की उम्मीद पर खरा नहीं उतर पायी है. इसलिए कंपनी को मन लगाकर काम करना चाहिए. क्योंकि कंपनी से कार्यों से ही रांची नगर निगम और राज्य को पहचान मिलेगी.
15 सितंबर तक पूरे शहर में बहाल करेंगे नयी व्यवस्था
नगर आयुक्त शांतनु अग्रहरि ने कहा कि काम में विलंब हुआ है. इसके बावजूद हम 15 सितंबर तक पूरी रांची में नयी सफाई व्यवस्था बहाल करने की कोशिश में हैं. सफाई व्यवस्था ऐसी होगी, जिससे लोग गर्व से कहें कि हम रांची शहर में रहते हैं.
हम शहर की सफाई व्यवस्था को जल्द से जल्द दुरुस्त करने की प्रक्रिया में जुटे हुए हैं. यूजर चार्ज वसूली के संबंध में रांची नगर निगम की ओर से जो भी दिशा निर्देश हमें मिलेगा, हम उसका पालन करेंगे.
अरुण सिंह, जीएम, रांची एमएसडब्ल्यू

Next Article

Exit mobile version