झारखंड : 2014 के बाद महिलाओं पर अत्याचार बढ़े : नेटा डिसूजा

महिलाओं के हित के लिए संघर्ष तेज होगा, नेटा डिसूजा ने कहा अत्याचार की अनदेखी कर रही है केंद्र और राज्य सरकार रांची : महिला कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी नेटा डिसूजा ने कहा है कि वर्ष 2014 के बाद महिलाओं के खिलाफ अत्याचार, शोषण, हत्या और रेप जैसी घटनाएं बढ़ी हैं. घटनाओं को लेकर रिपोर्टिंग […]

By Prabhat Khabar Digital Desk | April 14, 2018 6:40 AM
महिलाओं के हित के लिए संघर्ष तेज होगा, नेटा डिसूजा ने कहा
अत्याचार की अनदेखी कर रही है केंद्र और राज्य सरकार
रांची : महिला कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी नेटा डिसूजा ने कहा है कि वर्ष 2014 के बाद महिलाओं के खिलाफ अत्याचार, शोषण, हत्या और रेप जैसी घटनाएं बढ़ी हैं. घटनाओं को लेकर रिपोर्टिंग कम हुई है. कई घटनाओं को दर्ज नहीं किया गया है. पुलिस अपनी साख बचाने के लिए कई घटनाओं को दर्ज नहीं करती है. खासकर झारखंड जैसे राज्यों में काफी घटनाएं हुई हैं. केंद्र और राज्य सरकार महिलाओं के खिलाफ हो रहे अत्याचार की अनदेखी कर रही है.
श्रीमती डिसूजा शुक्रवार को कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से बात कर रही थीं. उन्होंने कहा कि हाल में ही रांची के पुंदाग में एक दर्दनाक घटना हुई. चिंता की बात है कि कम उम्र की लड़कियों के साथ दर्दनाक घटनाएं हो रही है. उन्होंने कहा कि महिलाओं को बचाने के लिए कुछ नहीं हो रहा है. महिला उत्थान के लिए केंद्र सरकार के पास कोई एजेंडा नहीं है़
प्रदेश महिला प्रभारी ने कहा कि झारखंड में संगठन विस्तार के लिए 35 वर्ष से कम उम्र की महिलाओं की भागीदारी बढ़ायी जायेगी.
कहा कि वर्षों से महिला कांग्रेस में सक्रिय पदाधिकारियों को प्रदेश कमेटी में जगह दी जायेगी़ इसको लेकर प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार से बात करूंगी़ मौके पर प्रदेश अध्यक्ष आभा सिन्हा, पूर्णिमा सिंह, बॉबी भगत सहित कई पदाधिकारी मौजूद थी़ं

Next Article

Exit mobile version