नक्शा पास करने पर रोक हटी
नगर विकास मंत्री की स्वीकृति के बाद आदेश जारी रांची : रांची नगर निगम में नक्शा पास करने पर लगायी गयी रोक हटा ली गयी है. नगर विकास मंत्री सीपी सिंह की स्वीकृति के बाद सरकार ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है. नगर विकास विभाग ने रांची नगर निगम को नक्शा पास […]
नगर विकास मंत्री की स्वीकृति के बाद आदेश जारी
रांची : रांची नगर निगम में नक्शा पास करने पर लगायी गयी रोक हटा ली गयी है. नगर विकास मंत्री सीपी सिंह की स्वीकृति के बाद सरकार ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है. नगर विकास विभाग ने रांची नगर निगम को नक्शा पास करने की प्रक्रिया सरल करने का निर्देश दिया है.
इसके अलावा नक्शा स्वीकृति की प्रक्रिया पारदर्शी बनाने के लिए कहा गया है. नगर विकास विभाग ने नक्शा पास करने की प्रक्रिया में तकनीक का अधिक इस्तेमाल करने का निर्देश दिया है. कंप्यूटराइजेशन के जरिये काम को बढ़ावा देने के लिए कहा गया है. मालूम हो कि सरकार ने इसी वर्ष 13 जनवरी को नक्शा पास करने पर रोक लगा दी थी. पास किये गये नक्शों को निर्गत करने पर भी प्रतिबंध लगाया गया था. साथ ही निगम में नक्शा स्वीकृति के लिए नये आवेदन लेने पर भी पाबंदी लगायी गयी थी.
नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने नक्शा पास करने में भ्रष्टाचार की शिकायतों के आलोक में पाबंदी लगाने का आदेश दिया था. अब नक्शा स्वीकृति पर प्रतिबंध हटाने के बाद निगम में नक्शा स्वीकृति की प्रक्रिया फिर से शुरू कर दी जायेगी. निगम में नक्शा स्वीकृति के लिए आवेदन भी दिये जा सकेंगे