जनता से सीधा संवाद राज्य सरकार की बड़ी उपलब्धि : नवीन जायसवाल

धनबाद-रांची. हटिया के विधायक एवं भाजपा के प्रदेश मंत्री नवीन जायसवाल ने कहा है कि जनता से सीधा संवाद केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकार की बड़ी उपलब्धि है. अब तक किसी सरकार का जनता से सीधा संवाद नहीं होता था. शुक्रवार को यहां नेहरू कांप्लेक्स, कोयला नगर में धनबाद भाजपा की हुई विशेष बैठक […]

By Prabhat Khabar Digital Desk | December 17, 2016 1:44 AM
धनबाद-रांची. हटिया के विधायक एवं भाजपा के प्रदेश मंत्री नवीन जायसवाल ने कहा है कि जनता से सीधा संवाद केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकार की बड़ी उपलब्धि है. अब तक किसी सरकार का जनता से सीधा संवाद नहीं होता था. शुक्रवार को यहां नेहरू कांप्लेक्स, कोयला नगर में धनबाद भाजपा की हुई विशेष बैठक को संबोधित करते हुए श्री जायसवाल ने उक्त बातें कहीं.
बैठक में 28 दिसंबर को रघुवर सरकार के दो वर्ष पूरा होने पर हर विधानसभा क्षेत्र में विकास पर्व मनाने के लिए रणनीति बनायी गयी. विधायक ने कहा कि कार्यक्रम की सफलता के लिए बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को जोड़ें. धनबाद में ऐसा कार्यक्रम हाे, जिसकी गूंज पूरे राज्य में सुनायी दे. भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि रघुवर सरकार में कल्याणकारी योजनाएं धरातल पर उतरी. पिछले दो वर्षों के दौरान जितना काम हुआ, उतना कभी नहीं हुआ. प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने रघुवर सरकार काे जनहित में बड़ा निर्णय लेनेवाली सरकार बताया. यह भी कहा कि दाे साल में सरकार ने ईमानदारी से काम किया है.
प्रदेश प्रवक्ता की फिसली जुबान
भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता प्रो सरिता श्रीवास्तव ने शुक्रवार को बैठक के दौरान कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री बाहरी हैं. ऐसा लोग कहते हैं, इसके बावजूद रघुवर दास ने मुख्यमंत्री के रूप में झारखंड के हित में कई फैसले लिये हैं. उन्होंने सरकार की उपलब्धियां भी बतायी.

Next Article

Exit mobile version