धनबाद के SDM सुरेंद्र कुमार का तबादला, झारखंड प्रशासनिक सेवा के 12 अधिकारियों की हुई ट्रांसफर-पोस्टिंग

धनबाद के SDM सुरेंद्र कुमार का तबादला कर दिया गया है. इनकी जगह पर GAIL, रांची के सक्षम पदाधिकार प्रेम कुमार तिवारी को धनबाद का नया SDM बनाया गया है. झारखंड प्रशासनिक सेवा के 12 अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग हुई है.

By Prabhat Khabar Digital Desk | August 11, 2021 9:41 PM
an image

Jharkhand Transfer-Posting News (रांची) : झारखंड सरकार ने बुधवार को झारखंड प्रशासनिक सेवा के 12 अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग की है. धनबाद के SDM सुरेंद्र कुमार का भी तबादला कर दिया गया है. वहीं, GAIL रांची के सक्षम पदाधिकार प्रेम कुमार तिवारी को धनबाद का नया SDM बनाया गया है. इस संबंध में कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है.

झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारी और धनबाद के SDM सुरेंद्र कुमार का ट्रांसफर करते हुए अगले आदेश तक के लिए पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड का अवर सचिव बनाया गया है. बता दें कि श्री कुमार चर्चा में तब आये जब पिछले दिनों धनबाद में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के बाद विपक्ष ने इन्हें हटाने की मांग की थी. इस तबादले को इसी कड़ी से जोड़ कर देखा जा रहा है. वही, GAIL रांची के सक्षम प्राधिकार प्रेम कुमार तिवारी धनबाद के नये SDM बनाये गये हैं.

इसके अलावा मुख्यमंत्री सचिवालय के संयुक्त सचिव राजकुमार गुप्ता का ट्रांसफर करते हुए सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग के संयुक्त सचिव बनाया गया है. श्री गुप्ता जैप IT, रांची के विशेष कार्य पदाधिकारी के अतिरिक्त प्रभार में भी थे. वहीं स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के संयुक्त सचिव दिलेश्वर महतो को परिवहन विभाग का संयुक्त सचिव बनाया गया है.

Also Read: ओलंपिक में मान बढ़ाने वाली झारखंड की बेटियां पहुंची घर, CM हेमंत सोरेन ने दिये 50-50 लाख, देखें Pics

कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग, रांची के अवर सचिव राज महेश्वरम गढ़वा के अनुमंडल पदाधिकारी बनाये गये हैं. गिद्धौर, चतरा के बीडीओ पूनम कुजूर की सेवा ग्रामीण विकास विभाग, झारखंड से वापस लेते हुए अगले आदेश तक बरही, हजारीबाग का नया SDM बनाया गया है. स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अवर सचिव राम नारायण सिंह अगले आदेश तक रंका, गढ़वा के नये SDM बनाये गये हैं.

गढ़वा के कार्यपालक दंडाधिकारी चंद्रजीत सिंह को तबादला करते हुए कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग, रांची में योगदान करने को कहा गया है. वहीं, रांची सदर के कार्यपालक दंडाधिकारी राकेश रंजन उरांव की सेवा राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग, झारखंड से वापस लेते हुए इन्हें अगले आदेश तक डॉ रामदयाल मुंडा जनजातीय कल्याण शोध संस्थान, रांची का सहायक निदेशक निदेशक बनाया गया है.

गढ़वा के अनुमंडल पदाधिकारी मो जियाउल अंसारी को कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग, झारखंड के अवर सचिव बनाया गया है. बरही, हजारीबाग के अनुमंडल पदाधिकारी अनिल कुमार यादव को स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड का अवर सचिव बनाया गया है.

Also Read: कोरोना काल में वितरण के लिए गढ़वा के FCI गोदाम में रखा 20 क्विंटल चना सड़ा, चावल में भी लग गये कीड़े

रंका, गढ़वा के अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार लिंडा को स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग, झारखंड के अवर सचिव बनाये गये हैं. इसके अलावा वैसे पदाधिकारी जिनके स्थान पर किसी अन्य का पदस्थापन हो गया है एवं उनका पदस्थापन कहीं नहीं किया गया है, वो कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग में योगदान देना सुनिश्चित करेंगे.

Posted By : Samir Ranjan.

Exit mobile version