इंडिया गठबंधन के देशभर में शानदार प्रदर्शन पर रांची के कांग्रेस मुख्यालय में जश्न, राजेश ठाकुर बोले-जनता ने जताया भरोसा

इंडिया गठबंधन के देशभर में शानदार प्रदर्शन पर रांची के कांग्रेस मुख्यालय में मंगलवार को जश्न मनाया गया. मिठाइयां बांटी गयीं. इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि जनता के गठबंधन पर भरोसा जताया और भरपूर समर्थन दिया.

By Guru Swarup Mishra | June 4, 2024 8:02 PM

रांची: इंडिया गठबंधन के झारखंड समेत पूरे देश में बेहतर प्रदर्शन को लेकर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया. झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर के नेतृत्व में पटाखे जलाकर और मिठाइयां बांटकर खुशियां मनायी गयीं. इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने जनता के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल के आंकड़े एग्जिट हो गए. जनता ने अपने जनादेश में हमें भरपूर समर्थन दिया.

एग्जिट हो गया एग्जिट पोल

झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि एग्जिट पोल एग्जिट हो गया. जनता के जनादेश को जिस तरह से कम आंका गया, उसे जनता ने ध्वस्त कर दिया. राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान देश के करोड़ों लोगों से मिले और उनकी समस्याओं को जानकर संघर्ष की पृष्ठभूमि तैयार की. उनके समस्याओं के समाधान का रास्ता निकालकर हम इस चुनाव में जनता के बीच गए. इसी का परिणाम है कि जनता ने भाजपा के नेतृत्व को नकारते हुए हम पर भरोसा कर हमें भरपूर समर्थन दिया.

जनता ने खुद लड़ी संविधान बचाने की लड़ाई

राजेश ठाकुर ने कहा कि जनता ने संविधान बचाने की लड़ाई खुद सामने आकर लड़ी और हमें देश में समर्थन दिया है. भाजपा ने नैतिक रूप से जनता का समर्थन खो दिया है क्योंकि जिस मोदी की गारंटी पर भाजपा चुनाव लड़ रही थी, उस भाजपा को जनता ने वैसा समर्थन नहीं दिया. उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता ने केंद्र की तानाशाही सरकार के खिलाफ अपना रोष प्रकट किया है.

दहाई अंक भी नहीं पहुंच पायी बीजेपी

झारखंड में इंडिया महागठबंधन की सरकार बनते ही इसे गिराने का प्रयास किया जा रहा था, परंतु वह इसमें सफल नहीं हो पा रहे थे. चुनाव के दौरान जिस तरह से महागठबंधन में शामिल दलों और परिवार को तोड़ने का प्रयास किया गया, उसे भी जनता ने देखा और उसे कसौटी पर परखा, जिसका परिणाम यह रहा कि बीजेपी झारखंड में दहाई अंक तक भी नहीं पहुंच पायी.

झारखंड कांग्रेस प्रभारी के नेतृत्व में बेहतर प्रदर्शन

राजेश ठाकुर ने कहा कि झारखंड कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर के कुशल नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपना बेहतर प्रदर्शन किया. इंडिया गठबंधन की आपसी एकता और बेहतर समन्वय व चुनावी प्रबंधन के कारण हमने झारखंड में अच्छा प्रदर्शन किया है और इसमें इंडिया गठबंधन में शामिल दलों के नेता एवं कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा है. हम उनका भी आभार व्यक्त करते हैं.

मौके पर ये थे उपस्थित

इस अवसर पर प्रमुख रूप से अमूल्य नीरज खलको, राकेश सिन्हा, सतीश पॉल मुंजनी, मानस सिन्हा, सोनाल शांति, मदन मोहन शर्मा, नेलीनाथन, ऋषिकेश सिंह, आभा सिन्हा, अजय सिंह, गजेंद्र सिंह, अमृत सिंह, रोहण ठाकुर, अख्तर अली गुलजार अहमद, संजय कुमार, सुशील कुमार पिंटू समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे.

Also Read: Lok Sabha Chunav 2024: 295 सीटें जीत रहा इंडिया गठबंधन, केंद्र में बन रही हमारी सरकार, वर्चुअल बैठक में बोले मल्लिकार्जुन खरगे

Next Article

Exit mobile version