इंडिया स्मार्ट सिटी अवार्ड कॉन्टेस्ट 2022 : ईस्ट जोन के शहरों में रांची नंबर वन

10 लाख से अधिक आबादी वाले ईस्ट जोन के शहरों में रांची स्मार्ट सिटी ने इंडिया स्मार्ट सिटी अवार्ड कॉन्टेस्ट 2022 में नंबर वन स्थान हासिल किया है. 10 लाख से कम आबादी वाले शहरों में भुवनेश्वर को पहला पुरस्कार मिला है. आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने 25 अगस्त को पुरस्कारों की घोषणा की.

By Mithilesh Jha | August 25, 2023 7:35 PM

इंडिया स्मार्ट सिटी अवार्ड कॉन्टेस्ट 2022 की घोषणा हो गयी. झारखंड के लिए अच्छी खबर है कि 10 लाख से अधिक आबादी वाले ईस्ट जोन के शहरों में रांची को नंबर वन का पुरस्कार मिला है. शुक्रवार (25 अगस्त) को केंद्र सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने इंडिया स्मार्ट सिटी अवार्ड कॉन्टेस्ट 2022 का परिणाम घोषित किया. भारत सरकार द्वारा जारी इस अवार्ड कॉन्टेस्ट में झारखंड की राजधानी रांची ने अपना परचम लहराया है.

पूर्वी क्षेत्र के 10 लाख से ज्यादा आबादी वाले शहरों में रांची को नंबर वन अवार्ड से नवाजा गया है. बहुत जल्द राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले एक बड़े कार्यक्रम में अवार्ड का वितरण किया जाएगा. इसमें रांची स्मार्ट सिटी को भी सम्मानित किया जाएगा. केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अवार्ड की घोषणा की है.

नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव ने दी बधाई

राज्य सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव एवं रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक विनय कुमार चौबे ने नगर विकास विभाग, रांची स्मार्ट सिटी कॉर्पोरेशन और स्मार्ट सिटी के विकास में जुड़े विभिन्न एजेंसियों के पदाधिकारी एवं कर्मियों को बधाई दी है.

Also Read: रांची स्मार्ट सिटी की जमीन खरीदने वाले नेता, अफसर भी ईडी के रडार पर, विष्णु अग्रवाल का कनेक्शन आ रहा सामने

इसके साथ ही रांची की जनता का भी सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है. विभागीय सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में प्रदेश हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रहा है. इसी कुशल नेतृत्व की वजह से हमारा प्रदेश और स्मार्ट सिटी रांची, स्मार्ट सिटी मिशन की योजनाओं में लगातार अग्रणी पंक्ति में खड़ा है.

रांची स्मार्ट सिटी के सीईओ ने दी बधाई

रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन के सीईओ अमित कुमार ने इस अवार्ड के लिए केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय का आभार व्यक्त किया है. साथ ही राज्य सरकार के कुशल नेतृत्व और मुख्यमंत्री तथा विभागीय सचिव के कुशल मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया है.उन्होंने आश्वस्त किया है कि रांची स्मार्ट सिटी आने वाले वर्षों में और भी कई अवार्ड जीतेगा. उन्होंने रांची स्मार्ट सिटी के विकास और उसकी प्रगति के लिए पूरी टीम को बधाई दी है.

Also Read: झारखंड : केंद्रीय जांच एजेंसियों के चंगुल में फंसे व्यापारियों के पास है रांची स्मार्ट सिटी की 74% जमीन

प्रतिवर्ष राज्यों के बीच होती है प्रतियोगिता

भारत सरकार के स्मार्ट सिटी मिशन की ओर से देश के 100 चुने हुए शहरों में स्मार्ट सिटी की योजना चल रही है. इन योजनाओं की प्रगति और शहरों के द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों को आधार बनाकर प्रतिवर्ष भारत सरकार की ओर से इंडिया स्मार्ट सिटी अवार्ड कॉन्टेस्ट का आयोजन किया जाता है. इस कॉन्टेस्ट में कई बार रांची स्मार्ट सिटी को सम्मानित किया गया है.

विभिन्न कैटेगरी में भेजा गया था नामांकन

इंडिया स्मार्ट सिटी अवार्ड कॉन्टेस्ट 2022 में देश के सभी स्मार्ट सिटी ने विभिन्न कैटेगरी में नामांकन भेजा था. रांची की ओर से भी इनोवेशन, इकॉनोमी, सोशल आस्पेक्ट, अर्बन मोबिलिटी, सिटी सिक्यूरिटी इत्यादि क्षेत्र में नामांकन भेजा गया था. इन सभी प्रस्तावों और स्मार्ट सिटी की योजनाओं की प्रगति में पूर्वी क्षेत्र के बेस्ट परफॉर्मर के रूप में रांची को चुना गया है. यह सम्मान रांची और झारखंड के लोगों के लिए गौरव का विषय है.

Also Read: रांची के स्मार्ट सिटी में झारखंड के मंत्रियों के बंगले का निर्माण कार्य शुरू, मिलेंगी ये सारी सुविधाएं

Next Article

Exit mobile version